Gaya News: (रोहित कुमार सिंह) गया-बोधगया मुख्य मार्ग स्थित राजकीय मध्य विद्यालय केंदुई के छात्रों ने बुधवार को पानी, बिजली और पंखा की व्यवस्था की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. अचानक छात्रों के सड़क पर उतरने से मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और यातायात बाधित हो गया.
स्कूल में कोई व्यवस्था नहीं
सड़क जाम कर छात्रों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. बच्चों ने कहा कि स्कूल में उनके लिए बुनियादी सुविधाओं तक की व्यवस्था नहीं है और शिकायत करने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.
भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे छात्र
छात्रों ने बताया कि गर्मी के दिनों में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्कूल में न तो पर्याप्त पानी की व्यवस्था है और न ही बिजली और पंखे की सुविधा. इसके कारण पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है.
आश्वासन मिलता है, समाधान नहीं
बच्चों का कहना है कि स्कूल के शिक्षकों द्वारा बार-बार सिर्फ आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा. लगातार उपेक्षा से नाराज होकर छात्रों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.
अभिभावकों में भी नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय अभिभावकों में भी नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना है कि बच्चों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है.
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
छात्रों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल में जल्द पानी, बिजली और पंखों की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में बच्चों को राहत मिल सके और पढ़ाई बाधित न हो.
Also Read: पानी-बिजली के लिए सड़क पर उतरे बच्चे! स्कूल के खिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा, गया मुख्य मार्ग जाम
