Gaya News: (गया के शेरघाटी नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट)
शेरघाटी नगर परिषद में शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर हुए चुनाव में पुराने चेहरों की मजबूत पकड़ एक बार फिर देखने को मिली. चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में निर्विरोध संपन्न हुआ, जिसमें पूर्व के तीनों सदस्य दोबारा समिति में चुन लिए गए.
बिना मुकाबले जीते तीनों उम्मीदवार
निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ मनीष कुमार ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन और चुनाव कार्य शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया. किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने के कारण सुमित्रा देवी, अनीता देवी और अशोक सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.
लगातार दूसरी बार मिली जिम्मेदारी
लगातार दूसरी बार समिति में चयन होने से यह साफ माना जा रहा है कि नगर परिषद की राजनीति में इन पुराने चेहरों की पकड़ अब और मजबूत हो गई है. स्थानीय राजनीतिक हलकों में इसे बड़े भरोसे और अनुभव की जीत के रूप में देखा जा रहा है.
चुनाव के दौरान मौजूद रहे सभी वार्ड पार्षद
चुनाव प्रक्रिया के दौरान नगर परिषद के सभी 28 वार्ड पार्षद मौजूद रहे. मौके पर उपमुख्य पार्षद तारकेश्वर चौधरी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि पवन किशोर, दीनानाथ पांडे, पशुपतिनाथ पाठक, अजीत सिंह, पप्पू सिंह, डब्लू कुमार, मनीष Kumar Gupta और प्रभात गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और समर्थक उपस्थित रहे.
जीत के बाद समर्थकों में खुशी
निर्विरोध चुनाव संपन्न होने के बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को फूल-मालाओं से स्वागत कर बधाई दी. नगर परिषद परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला. नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति को विकास योजनाओं, प्रशासनिक फैसलों और वित्तीय मामलों में बेहद अहम माना जाता है. ऐसे में समिति के गठन को नगर राजनीति का महत्वपूर्ण चुनाव माना जा रहा था.
Also Read: बोधगया नगर परिषद में मतदान जारी, सशक्त स्थाई समिति के लिए हो रही वोटिंग
