Gaya News: (ओम प्रकाश) बाराचट्टी के जीटी रोड काहुदाग के समीप सड़क हादसे में 15 साल की छात्रा की मौत हो गई. मृतक की पहचान बाराचट्टी थाना क्षेत्र के काहुदाग, टोला बसेड़ीया के करिश्मा कुमारी के रूप में की गई. करिश्मा राज मिस्त्री सत्येंद्र दास की सबसे छोटी पुत्री बताई जाती है. करिश्मा बाराचट्टी के प्लस दो हाई स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा थी. सोमवार की सुबह करिश्मा अपने अन्य सहेलियों के साथ साइकिल से प्लस दो हाई स्कूल बाराचट्टी जा रही थी.
ट्रक की चपेट में आने से छात्रा की मौत
जीटी रोड काहुदाग के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक की चपेट में करिश्मा आ गई. करिश्मा का साइकिल ट्रक के पिछले चक्का में फस गया और वह दब गई. ट्रक के टायर के नीचे आते ही उसकी मौत हो गई. घटना के दौरान आसपास खड़े लोग दौड़े हुए आए और करिश्मा को निकालने के प्रयास में जुट गए. इस दौरान उसने दम तोड़ दिया. ट्रक का ड्राइवर मौका देखकर ट्रक से कूद कर भागने में सफल रहा. घटना की खबर मिलने के बाद काफी संख्या में आसपास के लोग सड़क पर आकर गाड़ियों का परिचालन रोक दिया.
मामले में होगी आवश्यक कार्रवाई
इस कारण एक लेन पर गाड़ियों का चलना थोड़ी देर के लिए बंद हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और लोगों से जानकारी ली. घटना स्थल पर मौजूद लोगों को थाना अध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने आश्वासन दिया कि इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद लोग जाम तोड़ने के लिए राजी हुए. पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया. ट्रक को जब्त कर थाना लाया गया.
अंचल अधिकारी ने सहयोग का दिया भरोसा
सड़क हादसे में करिश्मा की मौत के बाद लोगों ने अंचल अधिकारी अरुण कुमार सिंह से बात की. लोगों का कहना था कि मृतक के परिजनों को सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि का लाभ दिया जाए. सीओ लोगों को भरोसा दिया कि सारे कागजात उपलब्ध हो जाने के बाद सहायता राशि का लाभ दिया जाएगा. ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर बाराचट्टी के विधायक ज्योति देवी से भी बातचीत की.
आवागमन में होती है दिक्कत
लोगों ने कहा कि काहुदाग से गजरागढ़ तक जीटी रोड पर कहीं कोई अंडरपास या ओवरब्रिज नहीं है. इस कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है. लोगों की जान भी इसी में जा रही है. कई सड़क हादसे नई सड़क बनने के बाद हुई है लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी दिशा में कोई प्रयास नहीं कर रहे हैं. विधायक ज्योति देवी ने लोगों को भरोसा दिया कि इस मामले में गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर से बात कर समाधान निकाला जाएगा.
