Gaya News: (गया से अरविंद कुमार सिंह) जिले से भागकर फतेहपुर पहुंचे एक प्रेमी युगल की ग्रामीणों द्वारा मंदिर में शादी करा दिए जाने का मामला सामने आया है. घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव की है, जहां रविवार की देर शाम ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थानीय हनुमान मंदिर में विवाह करा दिया. हालांकि बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल इसके लिए तैयार नहीं था. दोनों का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में प्रेमी जोड़े घर जाने से इनकार करते नजर आ रहे हैं. वीडियो ने प्रेमी जोड़े कहते नजर आ रहे हैं कि ‘नहीं सर, मम्मी पापा के पास नहीं भेजिए’.
घर से फरार हुए प्रेमी जोड़े
जानकारी के अनुसार, शादी के बाद ग्रामीणों ने दोनों को छोड़ दिया. इसके बाद देर रात तक दोनों गया-रजौली मुख्य सड़क पर भटकते देखे गए. किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना फतेहपुर पुलिस को दी. सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाना लेकर गई. सोमवार सुबह तक दोनों फतेहपुर थाना परिसर में ही मौजूद थे.
8 सालों से चल रहा था प्रेम प्रसंग
बताया जाता है कि प्रेमी युगल गया जिले के नौरंगा गांव का रहने वाला है. युवती रजनी और युवक सन्नी ने पुलिस को बताया कि वे पिछले आठ वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं. रजनी के अनुसार, उसके परिजन उसकी शादी कहीं और तय करने वाले थे, जिससे वह सहमत नहीं थी. इसी कारण दोनों रविवार को घर से भागकर ऑटो रिक्शा से फतेहपुर पहुंचे थे. दोनों धनबाद जाने के लिए पहाड़पुर स्टेशन पर बैठे थे, तभी कुछ युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और मंदिर में शादी करा दी.
ग्रामीणों ने मंदिर में कराई शादी
वहीं, पहाड़पुर गांव के लोगों का कहना है कि दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनसे पूछताछ की गई. पूछताछ में दोनों ने एक-दूसरे से प्रेम करने और घर से भागकर आने की बात स्वीकार की. इसके बाद ग्रामीणों ने स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी करा दी. फतेहपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों को थाना परिसर में रखा गया है. जांच में दोनों बालिग पाए गए हैं. उन्होंने बताया कि दोनों को वापस घर लौटने के लिए समझाया गया है, लेकिन फिलहाल वे इसके लिए तैयार नहीं हैं.
Also Read: गया में रांची जा रही बस ने ट्रक में मारी टक्कर, कई यात्री घायल, जानिए कैसे हुआ हादसा?
