Gaya News: (इमामगंज से निर्भय पांडेय) प्रखंड के विश्रामपुर गांव में आयोजित श्रीमद भागवत कथा सह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को लेकर शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई. श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए.
यज्ञ मंडप से नदी तक उमड़ा आस्था का सैलाब
कलश यात्रा यज्ञ मंडप से प्रारंभ होकर गांव के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए भगहर दुमुहान नदी पहुंची. वहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं ने अपने-अपने कलश में पवित्र जल भरा. पूरे क्षेत्र में भक्ति गीत, जयघोष और शंखध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
शिव-पार्वती की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
कलश यात्रा के दौरान शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही. जगह-जगह ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने कलश यात्रियों का स्वागत कर आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया.
22 मई तक होगा आयोजन
यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि शनिवार से कथावाचिका पूज्य गोयंगी गौरी के श्रीमुख से भगवान श्रीमद भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा. यह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ 16 मई से 22 मई तक आयोजित होगा.
आयोजन को लेकर गांव में उत्साह
महायज्ञ के सफल आयोजन में संयोजक पिंटू सिंह, सोनल सिंह सहित समस्त ग्रामवासी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं. आयोजन को लेकर पूरे गांव में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बना हुआ है.
Also Read: गया में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
