गया जी में पेयजल आपूर्ति योजना की समीक्षा, डॉ. प्रेम कुमार ने दिए निर्देश

Gaya News : गया जी में डॉ. प्रेम कुमार ने पेयजल आपूर्ति योजना की समीक्षा की और कहा कि शेष 35 हजार घरों तक जल एक वर्ष में पहुंच जाएगा. उन्होंने पेयजल संकट वाले वार्डों में प्राथमिकता से कार्रवाई और जलमीनार निर्माण के निर्देश दिए.

Gaya News (हरिबंश कुमार की रिपोर्ट):
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को गया जिला अतिथि गृह सभागार में बुडको अधिकारियों के साथ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक की. बैठक में शहर के सभी घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में चल रहे कार्यों तथा लंबित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.

1.05 लाख घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित

बैठक के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि वर्ष 2018 में 411 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई महत्वाकांक्षी पेयजल परियोजना का उद्देश्य गया नगर क्षेत्र के 1.05 लाख घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करना था. वर्तमान में लगभग 71 हजार घरों में नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि शेष 35 हजार घरों को योजना से जोड़ने के लिए सर्वेक्षण कार्य जारी है. उन्होंने कहा कि एक वर्ष में शेष घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी. उन्होंने बताया कि जलमीनारों की संख्या बढ़ाने तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण पर भी काम किया जा रहा है. प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 135 लीटर की आवश्यकता में 105 लीटर की जलापूर्ति की जा रही है.

लगभग 580 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी

बुडको अधिकारियों ने बताया कि प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 135 लीटर पानी की आवश्यकता निर्धारित है, जबकि फिलहाल औसतन 105 लीटर प्रतिदिन जलापूर्ति की जा रही है. योजना के तहत अब तक लगभग 580 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जिसमें एचडीपीई और डीआई पाइप का उपयोग किया गया है. अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि छूटे हुए घरों तक जलापूर्ति पहुंचाने के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जा रहा है. डीपीआर की स्वीकृति मिलने के बाद लगभग एक वर्ष के भीतर शेष कार्य पूरा कर लिया जाएगा.

पेयजल संकट वाले वार्डों में प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश

समीक्षा बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने वार्ड 6, 7, 8, 10 और 11 में पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया तथा अधिकारियों को इन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने खरखुरा सब्जी मंडी और मुरलीहिल पहाड़ी क्षेत्र के निकट नई जलमीनारों के निर्माण की आवश्यकता पर भी बल दिया.

हेल्पलाइन नंबर जारी

बुडको अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि जिन क्षेत्रों में अभी तक जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है, वहां के लोग विभाग के हेल्पलाइन नंबर 8409461488 पर संपर्क कर अपनी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके.

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करना होगा.

Also Read: बक्सर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.9 किलो गांजा के साथ धंधेबाज गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >