Gaya News: जिले के टिकारी प्रखंड के पंचमहल्ला गांव में वर्षों से लंबित चेक डैम निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई. शनिवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मोरहर नदी पर बनने वाले पक्के बांध और चेक डैम निर्माण योजना का शिलान्यास किया. इस परियोजना से गया, अरवल और जहानाबाद जिले के किसानों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है.
27 करोड़ की परियोजना से बदलेगी तस्वीर
करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना से दर्जनों गांवों के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी. वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए यह परियोजना किसी बड़ी राहत से कम नहीं मानी जा रही है. शिलान्यास कार्यक्रम में भारी संख्या में किसान, ग्रामीण और महिलाएं शामिल हुईं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में लोगों की बड़ी उपस्थिति इस योजना के महत्व को दर्शाती है.
किसानों की आर्थिक स्थिति होगी मजबूत
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चेक डैम बनने के बाद सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे किसानों की फसल उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव और किसानों की जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.
नीतीश कुमार के विजन का किया जिक्र
विजय कुमार चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने का असर अब साफ दिख रहा है. उन्होंने कहा कि आज महिलाएं बड़ी संख्या में विकास कार्यों में भागीदारी निभा रही हैं. डिप्टी सीएम ने इस योजना को मंजूरी दिलाने और धरातल पर लाने के लिए पूर्व मंत्री डॉ. अनिल कुमार के लगातार प्रयासों की सराहना की.
किसानों को मिलेगी स्थायी राहत
मंच से संबोधित करते हुए डॉ अनिल कुमार ने कहा कि टिकारी क्षेत्र के किसानों की सिंचाई समस्या को दूर करने के लिए लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा था. अब शिलान्यास के बाद किसानों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है. पंचमहल्ला गांव पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने उपमुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. वहीं स्थानीय ग्रामीणों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया.
Also Read: गया की ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू हुए बच्चे, ‘धरोहर यात्रा’ में दिखा संस्कृति और इतिहास का अनोखा संगम
