Gaya News : बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (बीसीईसीई) की ओर से आयोजित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिले में परीक्षा के लिए कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8278 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक ही पाली में आयोजित की जाएगी. परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक चलेगी. परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है.
एडमिट कार्ड के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. साथ ही परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है.
Also Read : Gaya News : सुधा दूध कलेक्शन सेंटर में लूटकांड, विरोध करने पर मैनेजर को मारी गोली
