गया जी के इस केंद्रीय विद्यालय में 10वीं-12वीं का 100% रिजल्ट, छात्रा ने 500 में 499 अंक लाकर बढ़ाया मान

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 100% परिणाम हासिल किया है. छात्रा माही कुमारी ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है. बैठक में वोकेशनल लैब और आरओ वाटर प्लांट जैसी नई सुविधाओं पर भी चर्चा हुई.

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वन में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष सह एडीएम (आपदा) कुमार पंकज ने की. कार्यक्रम का शुभारंभ नामित अध्यक्ष, प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता व समिति के अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

बैठक के दौरान प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने सत्र 2025-26 की शैक्षणिक उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया. उन्होंने बताया कि विद्यालय की मेधावी छात्रा माही कुमारी ने वाणिज्य संकाय से सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में 500 में से 499 अंक प्राप्त कर पूरे विद्यालय का नाम रोशन किया है. इस अवसर पर स्नातकोत्तर शिक्षिका (वाणिज्य) आरती भोकर के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की भी विशेष सराहना की गई.

उल्लेखनीय है कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में शत-प्रतिशत परिणाम (100% Result) प्राप्त करने के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय, पटना संभाग द्वारा प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता को सम्मानित किया गया था. नामित अध्यक्ष कुमार पंकज ने प्राचार्य सहित पूरे विद्यालय परिवार की इस शानदार उपलब्धि की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम बनाए रखने की अपेक्षा जताई.

वोकेशनल लैब और आरओ वाटर प्लांट की सुविधा

बैठक के दूसरे सत्र में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था, भौतिक संसाधनों, अनुशासन और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों के संचालन सहित विद्यालय के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान समिति के सदस्यों ने अपने बहुमूल्य सुझाव भी दिए.

प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में स्थापित की जा रही वोकेशनल लैब का निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरा हो गया है. इस आधुनिक लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल, व्यावहारिक ज्ञान और कौशल आधारित अधिगम (Skill-based learning) का सुनहरा अवसर मिलेगा.

इसके अलावा, बैठक में यह भी बताया गया कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के सौजन्य से बिहार सरकार द्वारा अनुदानित चिलर सहित आरओ वाटर प्लांट विद्यालय परिसर में स्थापित कर दिया गया है. इससे अब विद्यार्थियों को भीषण गर्मी में भी स्वच्छ एवं शीतल पेयजल आसानी से उपलब्ध हो रहा है. नामित अध्यक्ष ने विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से डॉ. प्रेम कुमार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया.

बैठक में इनकी रही उपस्थिति

इस बैठक में प्रो. आतिश पराशर, डॉ. रेशमा यास्मीन, राजेंद्र कुमार सजुवार, श्याम प्रकाश वर्मा, अंशु सिंह, राम चरण मीणा, राजनंदन कुमार समेत विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे. बैठक के अंत में प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने सभी सदस्यों के सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हरिबंश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >