गया जी से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट
Gaya ji Rojgar Mela 2026: गयाhttps://www.prabhatkhabar.com/state/bihar/gaya जी जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है. बिहार सरकार के विभिन्न विभागों के सहयोग से 24 और 25 जून 2026 को रोजगार एवं कौशल मेला आयोजित किया जाएगा. इस दौरान कई निजी कंपनियां विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी. खास बात यह है कि पूरी चयन प्रक्रिया निःशुल्क होगी.
कब और कहां लगेगा रोजगार मेला?
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत 24 जून 2026 को कौशल एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. यह मेला सुबह 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक बाबू जगजीवन राम कल्याण छात्रावास खेल परिसर, गया में आयोजित होगा.
किन युवाओं को मिलेगा लाभ?
इस रोजगार मेले का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. मेले में अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा.
कौन-कौन सी कंपनियां करेंगी भर्ती?
रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी. इनमें प्रमुख रूप से उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, चैतन्य माइक्रोफाइनेंस, ब्लिंकिट, फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी, टैलेंटकॉर्प सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड तथा जोगिरा डॉट कॉम शामिल हैं. ये कंपनियां विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी.
25 जून को भी लगेगा रोजगार शिविर
25 जून 2026 को अवर प्रादेशिक नियोजनालय, केंदुई (गया) में सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक रोजगार शिविर आयोजित किया जाएगा. इस शिविर में फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी द्वारा शिक्षक पद के लिए 20 रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी.
शिक्षक पद के लिए क्या है योग्यता?
शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी का स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है. चयनित उम्मीदवारों को 14,500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा यात्रा एवं आवास भत्ता, सवेतन अवकाश तथा मेडिकल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी. कार्यस्थल गया ही रहेगा.
अभ्यर्थियों को क्या लेकर पहुंचना होगा?
जिला प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर अपने बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेला और रोजगार शिविर में भाग लेने की अपील की है.
पूरी चयन प्रक्रिया रहेगी निःशुल्क
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों कार्यक्रमों में भाग लेने और चयन प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. अभ्यर्थी बिना किसी शुल्क के सीधे मेले में शामिल हो सकते हैं. इच्छुक अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की सलाह दी गई है.
Also Read: गया स्टेशन पर चोरी की बड़ी साजिश नाकाम, दो महिलाएं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
