घर से शौच के लिए निकली छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Gaya Ji News: गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महूएत पंचायत के एक महादलित टोला में 9वीं की छात्रा के साथ गांव के ही लड़कों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार के आवेदन पर पुलिस ने पांच युवकों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.

Gaya Ji News: ( वजीरगंज प्रखंड से अमरेन्द्र कुमार की रिपोर्ट ) :
थाना क्षेत्र के महूएत पंचायत स्थित एक महादलित टोला पर रहने वाली नवम वर्ग की छात्रा के साथ गांव के ही कुछ लड़कों के द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित परिवार ने थाना में दिए गए आवेदन में कहा है कि 1 जून की शाम युवती शौच के लिए खेत की ओर गई थी. जब देर रात तक वह लौट कर घर नहीं आई, तो उसकी मां आसपास के पड़ोसियों के सहयोग से खोजबीन करने लगीं. रात के अंधेरे में गांव के चारों तरफ खोजबीन कर थकहार कर लोग घर लौट आए. फिर से खोजबीन करने के क्रम में घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर आहर के निकट युवती अचेतावस्था में देखी गई. रात में ही आसपास के ग्रामीण डॉक्टर के द्वारा उसका इलाज करवाया गया.

पिता के बेंगलुरु से लौटने पर दर्ज हुआ मामला, पांच नामजद आरोपियों पर धमकी का आरोप

घटना के दूसरे दिन थाना पहुंचकर मामले की मौखिक जानकारी दी गई, जिसे एसएचओ नीरज कुमार ने गंभीरता से लेते हुए महिला पुलिस की देखरेख में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज भेजा. इलाज के बाद पीड़ित परिवार अपने घर लौट गया. पीड़िता के पिता बेंगलुरु में रहकर मजदूरी करते हैं, जो घटना की जानकारी मिलते ही 4 जून को वापस घर लौटे. उसके बाद थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया गया. इस मामले में पांच युवकों को नामजद करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. आवेदन में नामजद आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार को जान से मारने की भी धमकी दिए जाने की चर्चा की गई है. वजीरगंज पुलिस पीड़ित परिवार द्वारा आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर घटना की छानबीन में जुट गई है.

जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मामला: डॉक्टर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पीड़िता का इलाज कर रही चिकित्सक डॉ. डिंपल ने बताया कि गांव के युवकों द्वारा मारपीट की चर्चा की गई थी, लेकिन युवती के शरीर पर कहीं पर भी चोट का निशान नहीं मिला है और न ही दुष्कर्म होने जैसा कोई साक्ष्य मिला है. अब यह मामला दुष्कर्म का है या केवल मारपीट का, इस बात को लेकर वजीरगंज पुलिस छानबीन कर रही है.

हम पार्टी के सांसद प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, डीएसपी से की न्याय की मांग

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) पार्टी के सांसद प्रतिनिधि नंदलाल मांझी ने रविवार को अपने समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली. पीड़ित परिवार ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कार्रवाई की मांग की. इसके बाद सांसद प्रतिनिधि ने वजीरगंज डीएसपी सुनील कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष से इस मामले की चर्चा करते हुए न्याय दिलवाने की मांग की. इस मौके पर मीडिया प्रभारी दयाल मांझी, सुनील मांझी, नरेश कुमार मांझी, रामबली मांझी, विकास पासवान, मनोज मांझी, दिना मांझी, सावित्री कुमारी सहित कई हम पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे.

क्या बोले एसएचओ ?

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएचओ नीरज कुमार ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना केवल मारपीट है या दुष्कर्म. फिलहाल इस घटना को लेकर डीएसपी वजीरगंज एवं हम पार्टी के सांसद प्रतिनिधि की पूरी टीम ने पीड़िता के घर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया है और आम ग्रामीणों से भी इस घटना की विस्तृत जानकारी ली है.

Also Read: ATM में फंसे कार्ड के बहाने 50 हजार की ठगी, बैंक कर्मी बनकर शातिर ने उड़ाए पैसे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >