Gaya Ji News (हरिबंश कुमार की रिपोर्ट): बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को गांधी मैदान स्थित नवीनीकृत इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का उद्घाटन किया. इस विशेष अवसर पर 118वीं उमेश वर्मा बिहार राज्य अंतर-जिला बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप-2026 का भी भव्य शुभारंभ किया गया. गौरतलब है कि इस इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का नवीनीकरण करीब एक करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से किया गया है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकेंगी.
युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं खेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया जिले के लिए यह बेहद गौरव का क्षण है कि यहाँ के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम उपलब्ध हुआ है. उन्होंने खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समर्पण की भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं.
गया जिला बैडमिंटन संघ के प्रयासों की सराहना
डॉ. प्रेम कुमार ने गया जिला बैडमिंटन संघ की सराहना करते हुए कहा कि संघ लगातार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सराहनीय कार्य कर रहा है. स्टेडियम के इस कायाकल्प से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे. उद्घाटन के इस गौरवपूर्ण मौके पर नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया, एडीएम राहुल कुमार, राजन सिजुआर, केएन जायसवाल, प्रकाश सिंह, विकास सिजुआर, नीरज गुप्ता, केएल गुप्ता, तरुण सिन्हा और विजय यादव सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.
खेल अवसंरचना को मजबूत करने में जुटी है सरकार
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और बिहार की एनडीए सरकार खेलों के विकास के लिए लगातार धरातल पर कार्य कर रही है. राज्य में नए स्टेडियमों का निर्माण, खेल परिसरों का विकास तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से उभरती हुई प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और ईमानदारी के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया.
