गया जी से ओमकार सिन्हा का रिपोर्ट
Gaya Ji News: गया जी जिले के नावाडीह गांव में सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. आरोप है कि प्लॉट संख्या 1252 में दीवार खड़ी कर वर्षों पुराने आम रास्ते को बंद कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
सार्वजनिक रास्ते पर दीवार बनाने का आरोप
नावाडीह गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि प्लॉट संख्या 1252 में दीवार बनाकर सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है. इससे लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग को बंद किया गया है, उसका उपयोग वर्षों से गांव के लोग करते आ रहे हैं.
सरकार ने पहले ही कराई थी मापी
ग्रामीण ब्रजेन्द्र कुमार ने बताया कि संबंधित जमीन और रास्ते की पूर्व में सरकारी स्तर पर मापी एवं चिन्हांकन किया गया था. उन्होंने दावा किया कि इसकी छायाप्रति उनके पास उपलब्ध है. उनके अनुसार, इसके बावजूद रास्ते पर दीवार बनाकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
छात्रों, बुजुर्गों और किसानों को हो रही सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और खेतों तक पहुंचने वाले किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई लोगों को अब लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है.
जिलाधिकारी से लेकर सीओ तक को सौंपा गया आवेदन
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, शेरघाटी अनुमंडल पदाधिकारी तथा डोभी अंचलाधिकारी को आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने और आवागमन बहाल करने की अपील की है.
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा प्रदर्शन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिलने की स्थिति में वे न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाने को मजबूर होंगे. फिलहाल पूरे गांव की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते को जल्द बहाल किया जाना चाहिए ताकि आम लोगों को हो रही परेशानी समाप्त हो सके और गांव में तनाव की स्थिति न बने.
