Gaya Ji News (नीरज कुमार की रिपोर्ट): गया जी शहर सहित पूरे जिले में कुर्बानी का त्योहार बकरीद खुशहाली और भाईचारे के साथ मनाया गया. इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी. शहर के गांधी मैदान, कर्बला, जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, मुन्नी मस्जिद, करीमगंज मस्जिद, मदरसा और विभिन्न ईदगाहों में अलग-अलग समय पर सामूहिक नमाज आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. नमाज के बाद लोगों ने अपने और परिवार की खुशहाली व तरक्की के लिए दुआ मांगी.
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
बकरीद के मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. गांधी मैदान सहित प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी दंडाधिकारियों के साथ पुलिस जवान मौजूद रहे.
कुर्बानी के बाद लोगों ने बांटी खुशियां
नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों में कुर्बानी दी और परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों तथा पड़ोसियों को सेवइयां व अन्य पकवान खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं. लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को बकरीद की शुभकामनाएं दीं. बकरीद को लेकर बच्चों में भी विशेष उत्साह देखा गया. नमाज के बाद बच्चों ने अपने दोस्तों और हमउम्र साथियों से गले मिलकर त्योहार की बधाई दी. मुस्लिम बहुल इलाकों में साफ-सफाई और सजावट का विशेष इंतजाम किया गया था.
नमाजियों के लिए लगाए गए पंडाल
चिलचिलाती धूप से राहत देने के लिए जामा मस्जिद सहित कई नमाज स्थलों पर पंडाल और समियाना लगाए गए थे. नमाजियों के लिए पानी और साफ-सफाई की भी समुचित व्यवस्था की गई थी. मस्जिद प्रबंधन की ओर से वालंटियर भी तैनात किए गए थे. कर्बला के खादिम डॉ. सैयद शाह शब्बीर आलम कादरी ने बताया कि अगले तीन दिनों तक कुर्बानी का सिलसिला जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा बलिदान और भाईचारे का पवित्र त्योहार है.
Also Read: सशक्त स्थाई समिति चुनाव को लेकर शेरघाटी नगर परिषद में हलचल, पुराने चेहरों की वापसी तय
