गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत संडेशवर गांव निवासी एवं पूर्व मध्य रेल धनबाद में कार्यरत कार्यालय अधीक्षक नवीन कुमार को शुक्रवार की देर रात विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया. पूर्व मध्य रेल ने उन्हें वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए यह सम्मान प्रदान किया.
आईटी सेल में निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
नवीन कुमार ने वर्ष 2025-26 के दौरान आईटी सेल में कार्य करते हुए HRMS के विभिन्न मॉड्यूल का सफल संचालन किया. इनमें कैडर मैनेजमेंट, एम्प्लॉयी मास्टर, ई-एसआर, पीएफ लोन, सीनियरिटी, रोस्टर, शिकायत एवं ट्रांसफर जैसे मॉड्यूल शामिल हैं. उनके कार्य से मामलों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित हुआ.
HRMS मॉड्यूल लागू कराने में अहम भूमिका
नवीन कुमार ने HRMS के माध्यम से कैडर मैनेजमेंट एवं लीव मैनेजमेंट मॉड्यूल को लागू कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके अलावा नियमित रूप से इनकम टैक्स पोर्टल पर आवश्यक सूचनाओं की अपलोडिंग सुनिश्चित की. वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सौंपे गए कार्यों का भी उन्होंने समय पर निष्पादन किया.
प्रशासनिक कार्यों में दिया योगदान
नवीन कुमार ने सीनियरिटी सूची और कार्यालय आदेशों को समय पर अपलोड करने का कार्य भी किया. इससे प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण योगदान मिला. उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए पूर्व मध्य रेल की ओर से उन्हें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 के लिए चुना गया.
संडेशवर गांव में खुशी का माहौल
नवीन कुमार को मिले सम्मान से फतेहपुर प्रखंड और संडेशवर गांव में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए नवीन कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी.
