गया जी से अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya Crime News: गया जी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग पर देर रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. लोधवे गांव में घर के बरामदे में सो रहे भोला राजवंशी पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने साहस दिखाते हुए हमलावरों का मुकाबला किया और उनके हाथ से हथियार छीन लिया. इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी अनुसार फतेहपुर थाना क्षेत्र के लोधवे गांव में मंगलवार की देर रात भोला राजवंशी अपने घर के बरामदे में सो रहे थे. इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले के दौरान भोला राजवंशी ने हिम्मत नहीं हारी. घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावरों का डटकर सामना किया. बताया जाता है कि उन्होंने बदमाशों के हाथ से धारदार हथियार छीन लिया. उनके प्रतिरोध को देखकर हमलावर मौके से भाग निकले.
परिजनों को घटना की जानकारी कैसे मिली?
हमले के दौरान शोर सुनकर घर के अन्य सदस्यों की नींद खुल गई. परिजन तत्काल घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया.
हमले के पीछे क्या वजह बताई जा रही है?
घायल के दिव्यांग पुत्र मनोज राजवंशी ने बताया कि घर के पास लगाए गए पेड़ में कुछ लोग अक्सर जानवर घुसा देते थे. इसको लेकर उनके पिता ने संबंधित पशुपालकों को मना किया था. मनोज राजवंशी का आरोप है कि इसी विवाद के बाद कुछ लोगों ने पहले उनके परिवार को धमकी भी दी थी. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने क्या कहा?
फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस अब घटना के कारणों और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं घायल भोला राजवंशी का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है.
Also Read: गया जी: BPSC 70वीं में सफलता हासिल कर SDO बने शेरघाटी के प्रवीण कुमार, SDM ने किया सम्मानित
