गौ रक्षा, सेवा और संवर्धन के उद्देश्य से गौ सम्मान आह्वान समिति के बैनर तले सोमवार को गया जी शहर में एक विशाल पदयात्रा निकाली गई. यह पदयात्रा ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंची, जहां समिति के प्रतिनिधियों ने डीएम को लाखों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन के माध्यम से देशभर में गौ हत्या पर रोक लगाने और गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई.
समिति के अनुसार, गौ सेविका बिंदिया कुमारी के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान तेजी से जनसमर्थन प्राप्त कर रहा है. अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर हस्ताक्षर अभियान चलाया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया.
विधानसभा अध्यक्ष ने किया समर्थन, समाज के लोगों ने की अपील
समिति का दावा है कि इस पहल को गया की जनता का व्यापक समर्थन मिला है. बिहार विधानसभा अध्यक्ष सह गया के विधायक डॉ. प्रेम कुमार ने भी हस्ताक्षर कर इस अभियान का समर्थन किया है.
वहीं, विमला देवी, रामप्रवेश सिंह और दारा रविदास सहित कई कार्यकर्ता इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़े रहे.
गोस्वामी समाज के जिलाध्यक्ष टिंकू गोस्वामी ने शहरवासियों से गौ संरक्षण के लिए एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और आस्था की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके संरक्षण के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है.
