Gaya Ji Newlywed Missing : गया जी जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के चंदौती गांव से एक नवविवाहिता के राखी बांधने के बहाने घर से निकलने के बाद कथित रूप से प्रेमी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़ित पति पवन मांझी ने बेलागंज थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
अप्रैल 2026 में हुई थी शादी
पति पवन मांझी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी शादी 20 अप्रैल 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सुमंती देवी के साथ हुई थी. सुमंती देवी चाकंद थाना क्षेत्र के आराडीह गांव की रहने वाली है. पति के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने भाई को राखी बांधने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद वापस नहीं लौटी.
खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग
परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. पति ने आरोप लगाया है कि वह अपने गांव के ही एक युवक के साथ चली गई है. घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
पति ने बेलागंज थाने में दिया लिखित आवेदन
पत्नी के अचानक गायब हो जाने और काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर पति पवन मांझी ने बेलागंज थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है और कार्रवाई की मांग की है.
लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने शनिवार को बताया कि पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
