गया जी नगर निगम में हड़ताल के चलते सड़क किनारे जगह-जगह कचरा फैला हुआ है. सड़क किनारे फैले हुए कचरा से अब बहुत बुरा दुर्गंध आने लगा है. लोगों को सड़क पर चलने में काफी दिक्कत हो रही है. घरों से लेकर जगह-जगह चौंक चौराहों पर कचरा का अंबार लगा हुआ है. इधर, सरकार की ओर से पहले नहीं होने के चलते मंगलवार की सुबह हड़ताली कर्मियों ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री का पुतला फूंका. इसके साथ ही नगर निगम स्टोर से बाजार आदि में जुलूस निकाला गया.
इस मौके पर यूनियन नेता संजीत सिंह ने कहा कि हड़ताल के कई दिन होने के बाद भी सरकार की ओर से सार्थक पहल नहीं की जा रही है. लगता है कर्मचारियों व आम लोगों दिक्कत से सरकार को कोई मतलब नहीं रह गया है.
उन्होंने कहा कि जब तक सरकार की ओर से सभी मांगों को माना नहीं जायेगा, तब तक हड़ताल को समाप्त नहीं किया जायेगा. यूनियन की ओर से इससे पहले विस अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार से मुलाकात की गयी थी. इसके बाद यूनियन के नेता प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन से मिलने उनके आवास पहुंचे. लेकिन, मंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी.
इधर, नगर विकास परिषद के अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद, महासचित इकबाल हुसैन व सचिव लालजी प्रसाद ने बयान जारी कर कहा है कि निगमकर्मियों के हड़ताल से शहर नारकीय स्थिति हो गयी है. सरकार को इसे जल्द समाप्त करने के लिए पहल करनी चाहिए.
