Gayaji News : पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों के तहत जिला अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. मंगलवार को वरीय जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह ने सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी, गया व बोधगया के अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी तथा विद्युत अभियंता के साथ विष्णुपद मंदिर सहित कई प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
विष्णुपद मंदिर के आसपास चलेगा विशेष सुरक्षा अभियान
निरीक्षण के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने विष्णुपद मंदिर के आसपास स्थित होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने जन जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल आयोजित कर श्रद्धालुओं व प्रतिष्ठान संचालकों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देने पर जोर दिया.
संवेदनशील स्थलों का तैयार होगा रूट चार्ट और कम्युनिकेशन प्लान
अधिकारियों को मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील संस्थानों की पहचान कर उनका रूट चार्ट, मैप और कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया. साथ ही पितृपक्ष मेले के दौरान तैनात होने वाले अग्निशमन वाहनों के लिए उपयुक्त स्थान भी चिन्हित करने को कहा गया.
तीन चरणों में होगा अग्नि सुरक्षा ऑडिट
जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि पहले चरण में बड़े होटल, मठ, मॉनेस्ट्री और राज्य स्तरीय भवनों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा. दूसरे चरण में रेस्टोरेंट, होटल और गेस्ट हाउस की जांच होगी, जबकि तीसरे चरण में आवासीय और अन्य भवनों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित कराया जाएगा.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि पितृपक्ष मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और विभाग के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है.
