सड़क दुर्घटना में पिता की मौत, बेटा घायल

बाराचट्टी में एक सड़क हादसे में मंगलवार को पिता की मौत हो गयी, जबकि पुत्र बुरी तरह घायल हो गया. मृतक की पहचान मखरौर गांव के किशोरी सिंह के रूप में की गयी है.

बाराचट्टी. बाराचट्टी में एक सड़क हादसे में मंगलवार को पिता की मौत हो गयी, जबकि पुत्र बुरी तरह घायल हो गया. मृतक की पहचान मखरौर गांव के किशोरी सिंह के रूप में की गयी है. पुत्र अमरजीत कुमार बुरी तरह घायल है. उसे इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया भेजा गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि बाराचट्टी से अमरजीत ऑटो चलाकर शोभ बाजार की ओर जा रहा था. साथ में उसके पिता किशोरी सिंह भी बैठे थे. इसी बीच शोभ बाजार के समीप जैसे ही कट को पार कर उत्तरी दिशा की लेन में गया, डोभी की ओर से आ रहे ट्रक में ऑटो की टक्कर हो गयी. टक्कर होते ही ऑटो में सवार किशोरी सिंह सड़क पर गिर गये और ट्रक की चपेट में आ गये. इस घटना में उनके दोनों पैर पूरी तरह कट गये. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घायल अमरजीत को बेहतर इलाज के लिए गया भेजा गया है. किशोरी सिंह अपने पीछे पत्नी दो पुत्र व पुत्री को छोड़ गये हैं. घटना के बाद थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति हो गयी थी. बाद में सब कुछ सामान्य हो गया. थाना प्रभारी उमेश प्रसाद ने बताया कि मृतक किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया भेजा जा रहा है. शनिवार की रात दरबार गांव के गोलू कुमार, जबकि सोमवार को चेक पोस्ट सूर्य मंडल पर चेरकी थाना क्षेत्र के इल्ररा गांव के गुड्डू कुमार की मौत भी सड़क हादसे में हो गयी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >