गया जी में चार दिन की बारिश से बदला मौसम का मिजाज, नदी-नाले उफान पर; शहर में जलजमाव से परेशानी

Gaya Ji News : गया में लगातार हो रही भारी बारिश से फल्गु सहित कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. शहर की सड़कों पर जलजमाव से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. जानें ताजा स्थिति.

Gaya Ji News : चार दिन पहले तक भीषण गर्मी से लोग परेशान थे और धान के खेतों में पानी नहीं रहने से किसान भी चिंतित थे. लेकिन मौसम ने अचानक करवट ली और पिछले चार दिनों से रुक-रुककर हो रही मूसलाधार और मध्यम बारिश ने पूरे जिले की तस्वीर बदल दी है. नदी, आहर, पोखर, ताल-तलैया और नाले पानी से भर गये हैं. शहर की कई सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

लगातार बारिश से हर ओर पानी ही पानी

लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्र तक पानी की स्थिति बनी हुई है. कई जगह सड़कों पर घुटने भर तक पानी जमा है, जबकि कुछ स्थानों पर इससे भी अधिक पानी का बहाव हो रहा है. कई जगहों पर सड़कें दलदल में तब्दील हो गयी हैं. पैदल चलने में परेशानी के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन भी पानी में फंस रहे हैं. पानी कम होने के बाद ही वाहनों को वहां से निकाला जा रहा है.

फल्गु समेत कई नदियों का बढ़ा जलस्तर

बारिश के कारण फल्गु नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है. पानी के तेज बहाव को देखते हुए नदी के दोनों तटों पर बसे लोगों को सतर्क किया गया है. इसके अलावा मोरहर, सोरहर, बूढ़ी नदी, ढाढ़र और पैमार नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है. नदियों और जलस्रोतों में पानी बढ़ने के कारण कहीं लोगों तो कहीं मवेशियों के डूबने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं.

Also Read : गया में सीयूएसबी छात्रों को मिला निवेश का ज्ञान, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम में शेयर बाजार का लाइव डेमो

कोंच के गांवों में घुसा पानी, निकासी में जुटे ग्रामीण

कोंच प्रखंड के एक-दो गांवों में पानी घुसने से गांव पूरी तरह पानी से घिर गये हैं. इससे ग्रामीणों के लिए गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. पानी की निकासी के लिए ग्रामीण खेतों की मेड़ काटकर रास्ता बना रहे हैं, ताकि जमा पानी बाहर निकल सके.

फल्गु नदी में बढ़ा जलस्तर

शहर की प्रमुख सड़कों पर जलजमाव से परेशानी

बारिश के कारण गया शहर की स्थिति भी नारकीय हो गयी है. खासकर केदारनाथ मार्केट, केपी रोड, शहीद रोड, रामसागर रोड और एपी कॉलोनी के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. नगर निगम कार्यालय तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है. सड़कों पर पानी जमा रहने से राहगीरों के साथ फुटपाथी दुकानदारों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.

Also Read : गया जी की गुड्डी कुमारी को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान, पांच सितंबर को पटना में होंगी सम्मानित

36 घंटे में 125 मिलीमीटर बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 36 घंटे में गया जी में 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है. रात में भी मूसलाधार बारिश की संभावना बनी हुई है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है.

गुरुवार को बारिश से मिल सकती है थोड़ी राहत

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार को लगातार हो रही बारिश से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम के कुछ हद तक खुलने की संभावना जतायी गयी है. हालांकि, नदी और नालों में बढ़े जलस्तर तथा जगह-जगह जलजमाव के कारण लोगों को अभी सतर्क रहने की जरूरत है.

Also Read : गया-कामाख्या एक्सप्रेस में बढ़ेगा 3AC का एक कोच, त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी राहत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कंचन सिन्हा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >