फेसबुक पर हुई दोस्ती बनी मुसीबत, गया जी के युवक पर युवती के गर्भपात, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज

फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में नहीं, बल्कि गंभीर अपराध में बदल गई. झारखंड की एक युवती ने नवादा के युवक पर नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म, गर्भपात कराने और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Gaya Ji News : झारखंड की एक युवती ने नवादा निवासी युवक पर फेसबुक के माध्यम से दोस्ती कर नशीली दवा खिलाकर कई बार दुष्कर्म करने, दो बार गर्भपात कराने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और रुपये की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले की शिकायत मिलने के बाद मगध रेंज के आईजी के निर्देश पर गया शहर के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

आईजी के निर्देश पर कोतवाली थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी

पीड़िता की शिकायत पर मगध रेंज के आईजी विकास वैभव के निर्देश के बाद गया शहर के कोतवाली थाना में नवादा जिले के जेल रोड निवासी मुकेश कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

फेसबुक से हुई पहचान, फिर बढ़ी नजदीकियां

एफआईआर के अनुसार, झारखंड के रामगढ़ जिले के घाटो थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता वर्तमान में नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में रह रही है. उसका आरोप है कि फरवरी 2024 में फेसबुक के माध्यम से मुकेश कुमार से संपर्क हुआ. बाद में दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती हो गई.

गया के होटल में नशीली दवा देकर दुष्कर्म का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि 16 अप्रैल को वह गया शहर में आयोजित असिस्टेंट एजुकेशन डेवलपमेंट ऑफिसर की लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए आई थी और स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ठहरी थी. आरोप है कि 17 अप्रैल को मुकेश कुमार भी वहां पहुंचा, अपने नाम से होटल में कमरा बुक कराया और नशीली दवा खिलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. इस दौरान अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.

ये भी पढ़ें: गुरुआ में एक घंटे की झमाझम बारिश से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले, कई इलाकों में जलजमाव

अन्य शहरों में भी शोषण करने का आरोप

एफआईआर में युवती ने आरोप लगाया है कि दिसंबर 2024 में पूर्णिया, सितंबर 2025 में जहानाबाद तथा मार्च 2026 में मुजफ्फरपुर में परीक्षा देने के दौरान भी आरोपी उसके साथ होटल में रुका और जबरन शारीरिक संबंध बनाए. उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी हर बार संबंध बनाने से पहले उसे दवा खिलाता था, जिससे उसे चक्कर आने लगते थे.

दो बार गर्भपात कराने और ब्लैकमेल करने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी एक मेडिकल दुकान में काम करता है और दवाओं की जानकारी होने के कारण वह उसका गलत फायदा उठाता था. उसने बताया कि संबंधों के दौरान गर्भ ठहरने पर आरोपी ने दो बार उसका गर्भपात कराया. अब आरोपी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये की मांग कर रहा है.

होटल पहुंचकर पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

मामला दर्ज होने के बाद कोतवाली थाना पुलिस जांच के लिए गया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित उस होटल पहुंची, जहां 17 अप्रैल को दोनों के ठहरने का दावा किया गया है. पुलिस के अनुसार होटल के रजिस्टर में मुकेश कुमार के नाम से कमरा बुक होने का रिकॉर्ड मिला है. पुलिस अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है.

पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच

कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उपलब्ध साक्ष्यों, होटल के रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गुरुआ में एक घंटे की झमाझम बारिश से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले, कई इलाकों में जलजमाव



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Roshan kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >