गया जी: ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर बिजली चोरी का खुलासा, 24.75 लाख की क्षति, दो एफआईआर दर्ज

गया और बोधगया में बिजली विभाग ने बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का खुलासा किया है. ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर मीटर से छेड़छाड़ कर 24.75 लाख की चोरी पकड़ी गई. दो परिसरों में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Gaya ji News : गया शहर और बोधगया में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो परिसरों में मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी का खुलासा किया है. कार्रवाई में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) को कुल 24.75 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया गया है. दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

कटारी में ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्र पर 19.50 लाख की बिजली चोरी पकड़ी गई

विद्युत अधीक्षण अभियंता (एसटीएफ) संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने 20 जुलाई की रात करीब 11 बजे कटारी स्थित अवधेश कुमार के ई-रिक्शा चार्जिंग परिसर में छापेमारी की. जांच में पाया गया कि विधिवत बिजली कनेक्शन होने के बावजूद मीटर के आंतरिक सर्किट में छेड़छाड़ कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही थी. इस मामले में कंपनी को करीब 19.50 लाख रुपये की क्षति हुई है. चंदौती थाना में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

बोधगया के औद्योगिक परिसर में भी मिली बिजली चोरी

मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे सहायक विद्युत अभियंता, बोधगया के नेतृत्व में गठित टीम ने धनावा स्थित सिद्धार्थ कुमार लोहानी के औद्योगिक परिसर में छापेमारी की. यहां भी बिजली चोरी पकड़ी गई, जिससे विभाग को करीब 5.25 लाख रुपये का नुकसान हुआ. इस मामले में बोधगया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर विशेष निगरानी

विद्युत अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि एसटीएफ और मुख्यालय की समीक्षा में यह सामने आया है कि शहरी क्षेत्रों में कई ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही है. इसे रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो दिन के साथ-साथ रात में भी स्थानीय प्रशासन के सहयोग से लगातार छापेमारी कर रही हैं.

बिजली चोरी से ट्रांसफार्मर और केबल हो रहे क्षतिग्रस्त

उन्होंने बताया कि अवैध रूप से अधिक मात्रा में बिजली उपयोग किए जाने से ट्रांसफार्मर और केबल जलने जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित होती है. उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि आसपास कहीं बिजली चोरी होती दिखाई दे तो इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर बिजली चोरी और विद्युत संरचना को होने वाले नुकसान को रोका जा सके.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Niraj kumar

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >