मगध मेडिकल के मरीजों को मिलेगी राहत, सुपर स्पेशियलिटी में खुलेगा नया डायलिसिस सेंटर

मगध मेडिकल अस्पताल में मरीजों को बड़ी राहत मिलने वाली है. सुपर स्पेशियलिटी यूनिट में आठ बेड वाला नया डायलिसिस सेंटर जल्द शुरू होने वाला है. यह नई सुविधा कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए वरदान साबित होगी.

Gaya ji News : गया मगध मेडिकल अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी यूनिट में मरीजों को जल्द ही आठ बेड वाले नए डायलिसिस सेंटर की सुविधा मिलने वाली है. सेंटर शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है. इसके लिए बेड, डायलिसिस मशीन और अन्य आवश्यक उपकरण सुपर स्पेशियलिटी भवन में पहुंच चुके हैं.

निरीक्षण के बाद सेंटर जल्द शुरू करने का निर्णय

प्राचार्य डॉ. लता शुक्ला द्विवेदी, अधीक्षक डॉ. एपी आनंद, बिहार कैंसर सोसाइटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रंजन कुमार, एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर सुधीर कुमार तथा भाभा कैंसर इंस्टीट्यूट के डॉ. रविकांत ने सुपर स्पेशियलिटी यूनिट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि सुपर स्पेशियलिटी में भर्ती मरीजों को डायलिसिस के लिए पुरानी बिल्डिंग भेजना व्यावहारिक नहीं है. इसलिए पांचवीं मंजिल पर बनाए गए डायलिसिस सेंटर को जल्द शुरू किया जाएगा.

कैंसर मरीजों को भी मिलेगा लाभ

अस्पताल प्रशासन कैंसर मरीजों के लिए ऑपरेशन की सुविधा भी विकसित कर रहा है. इसके लिए मुजफ्फरपुर की तर्ज पर अलग कैंसर यूनिट भवन बनाने की योजना है, जिसके लिए जमीन पहले ही चिन्हित की जा चुकी है. नया डायलिसिस सेंटर शुरू होने से कैंसर और अन्य गंभीर मरीजों को एक ही भवन में आवश्यक उपचार मिल सकेगा.

पहले से 11 बेड का सेंटर संचालित

मगध मेडिकल की पुरानी बिल्डिंग में पिछले कई वर्षों से 11 बेड का डायलिसिस सेंटर संचालित है. मरीजों की अधिक संख्या के कारण इसे तीन शिफ्ट में चलाया जाता है, फिर भी सभी मरीजों को समय पर सुविधा नहीं मिल पाती. यहां राशन कार्डधारकों को निशुल्क डायलिसिस की सुविधा दी जाती है.

मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि डायलिसिस मशीनें करीब एक वर्ष पहले ही उपलब्ध हो गई थीं. अब आठ बेड का नया डायलिसिस सेंटर जल्द शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इसके शुरू होने से डायलिसिस मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Jitendra Mishra

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >