गया जी : जन्मदिन पार्टी में गया था युवक, अगले दिन सड़क किनारे मिला शव, पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

Dobhi youth murder case : गया जी जिले के डोभी थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक का सड़क किनारे शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के पिता ने दोस्तों पर जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Dobhi Youth Murder Case : गया जी जिले के डोभी थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे शव मिलने से दहशत का माहौल है. मृतक के पिता ने बेटे के दोस्तों पर जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है.

सड़क किनारे मिला युवक का शव

जानकारी अनुसार डोभी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम से लापता बहेरा थाना क्षेत्र के कोठवारा निवासी 20 वर्षीय सिद्धार्थ कुमार का शव सड़क किनारे मिला. शव मिलने की सूचना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

पिता ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पिता एवं शिक्षक सतीश कुमार मिश्रा ने डोभी थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सिद्धार्थ को उसके परिचितों ने जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाया और सुनियोजित साजिश के तहत गोली और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. उनका आरोप है कि घटना के बाद आरोपित शव को डोभी-चतरा मोड़ स्थित पीएनबी बैंक के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए.

जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाने का आरोप

आवेदन के अनुसार, गुरुवार शाम झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र निवासी राज कोशिक सिंह मोटरसाइकिल से सिद्धार्थ को घर से लेकर गया था. पिता का कहना है कि पार्टी में शेरघाटी निवासी हर्ष वर्मा, अमन कुमार तथा रांची निवासी सृष्टि कुमारी के शामिल होने की भी जानकारी दी गई थी. उन्होंने बताया कि ये सभी सिद्धार्थ के परिचित थे और घर आते-जाते रहते थे.

राहगीर ने दी शव मिलने की सूचना

परिजनों के अनुसार, देर रात जब सिद्धार्थ घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई. मोबाइल पर कॉल करने पर एक राहगीर ने सड़क किनारे मोबाइल और उसके पास एक शव पड़े होने की जानकारी दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि शव पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून भी फैला हुआ था.

पुलिस ने शुरू की जांच

पिता ने नामजद आरोपितों और अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है.

पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. इसके बाद गया के विष्णुपद में विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया.

पुलिस का क्या कहना है

डोभी थानाध्यक्ष सुकरात कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच तेज कर दी गई है. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गया जी में रिश्वतखोरी के आरोप में एएसआई सस्पेंड, ऑडियो जांच के बाद आईजी ने की कार्रवाई


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sakshi Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >