गया जी के बेलागंज प्रखंड के डीलर संघ के अध्यक्ष सुग्रीव पासवान का शनिवार को पटना में इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया. वे बीते 16 जुलाई को हुई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
घटना के बाद परिजनों द्वारा उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना ले जाया गया था, जहां कई दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली.
शनिवार को परिजन उनके पार्थिव शरीर को लेकर बेलागंज थाना पहुंचे. बेलागंज थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी व कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया गया.
सड़क हादसे के बाद दर्ज हुई थी प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस
मामले के संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, 16 जुलाई को हुए हादसे के बाद ही परिजनों के आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी. अब इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व स्थानीय लोगों ने जताया शोक
सुग्रीव पासवान के असमय निधन की खबर फैलते ही पूरे बेलागंज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी निरंजन कुमार ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
