Gaya News(कलेन्द्र प्रताप): मगध विश्वविद्यालय के मन्नूलाल केंद्रीय पुस्तकालय सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना और यूको बैंक के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार एक दिवसीय “साइबर सुरक्षा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना सोशल नेटवर्किंग साईट” पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं और युवाओं को सोशल नेटवर्किंग साईट से जुड़ने तथा बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी देना था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, शिक्षक एवं बैंक अधिकारी उपस्थित रहे.
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ बी के मंगलम ने कार्यक्रम को संबोधित किया
यह कार्यक्रम मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शशि प्रताप शाही के संरक्षण में किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में यूको बैंक के उप महाप्रबंधक मोतीलाल बनोथ एवं मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ बी के मंगलम ने कार्यक्रम को संबोधित किया. विशिष्ट अतिथि के रूप में यूको बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्रीकांत सिंह तथा मुख्य प्रबंधक शालिनी कुमारी ने अपने विचार प्रस्तुत किए. कार्यक्रम का समन्वयन राष्ट्रीय सेवा योजना, मगध विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ पिंटू कुमार ने किया.
साइबर सुरक्षा के प्रति छात्रों को जागरूक किया गया
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं चांदनी कुमारी तथा उसकी टीम द्वारा कुलगीत के गायन से हुआ. अतिथियों का स्वागत, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर किया गया. संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान का उपयोग तेजी से बढ़ा है. डिजिटल सुविधाओं ने जहां लोगों के जीवन को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराधों की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं. ऐसे में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है.
अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ बी के मंगलम ने कहा कि साइबर जागरूकता केवल तकनीकी जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी भी है. उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें तथा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें. साथ ही साथ फ्रॉड कर रहे लोगों से सचेत पहले अपने आप को करे, फिर वास्तविकता का पता लगायें और उसपर करवाई करे.
निजी पासवर्ड, ओटीपी कहीं शेयर नहीं करें
मुख्य अतिथि यूको बैंक के उप महाप्रबंधक बनोथ ने कहा कि साइबर सुरक्षा में बैंक की बहुत अहम भूमिका है. डिजिटल अरेस्ट, अकाउंट से पैसे ग़ायब हो जाना, खाता फ्रॉड, खाता हैक हो जाना आज बड़ी चुनौती बनती जा रही है. आज इंटरनेट के दौर में हमारी गोपनीयता समाप्त हो चुकी है, इसलिए हमें न सिर्फ सचेत रहने की ज़रूरत है बल्कि बैंकिंग प्रणाली सिस्टम को भी अच्छे से समझने की जरूरत है. यूको बैंक देश भर में साइबर सिक्योरिटी को लेकर बड़े कदम उठाया है. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मगध विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो कृष्णदेव प्रसाद वर्मा ने कहा कि आज कल हो रहे साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु अपने मोबाइल फोन में मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार का कॉल या मैसेज आने पर निजी पासवर्ड, ओटीपी कहीं शेयर नहीं करें.
डिजिटल भुगतान, सुरक्षा तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों पर हुई चर्चा
साथ ही साथ सहायक महाप्रबंधक श्रीकांत सिंह, शालिनी कुमारी ने साइबर फ्रॉड, डिजिटल भुगतान, सुरक्षा तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की. कार्यक्रम समन्वयक डॉ पिंटू कुमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवक विद्यार्थियों को अधिकारिक वेबसाईटों , माय भारत एवं अन्य सोशल नेटवर्किंग साइटों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील किया कि ज्यादा से ज्यादा फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) को फॉलो करते हुए अपने गतिविधियों को इन सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर करें.
छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर दिया गया. अंत में कार्यक्रम समन्वयक डॉ राजेश मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मंच का संचालन उरूज तौकीर ने की. इस कार्यक्रम में भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो वासुदेव प्रसाद, डॉ रविंद्र सिंह, डॉ संजय कुमार, डॉ अनन्या स्वराज तथा स्वयंसेवक सौरव, इस्तियाक, हर्ष, उरूज, पूनम, सृष्टि, खुशबू, पूजा, सोनाली, प्रीतम, चांदनी ,वैभव, अमर, प्रेम, प्रिया सक्रिय रूप से उपस्थित रहे.
Also Read: नो एंट्री में खड़े ट्रक से बाइक टकराई, BHG जवान गंभीर रूप से घायल
