Gaya Ji News: गया जी जिले में स्थित दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUSB), पंचानपुर के भूविज्ञान विभाग (Department of Geology) के अध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार सिंह को वर्ष 2026 के लिए भारत की प्रतिष्ठित 'राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी' (National Academy of Sciences, India - NASI) का सदस्य (Fellow) चुना गया है. देश की सबसे पुरानी एवं शीर्ष वैज्ञानिक अकादमियों में से एक NASI की यह प्रतिष्ठित सदस्यता उन्हें जल संसाधन, भू-स्थानिक (Geospatial) अनुप्रयोगों तथा भू-जोखिमों (Geohazards) के क्षेत्र में उनके निरंतर उत्कृष्ट शोध एवं वैज्ञानिक योगदान के लिए प्रदान की गई है.
कुलपति व कुलसचिव ने दी बधाई
प्रो. प्रफुल्ल कुमार सिंह का चयन उनके उत्कृष्ट अनुसंधान, नवाचार और शैक्षणिक नेतृत्व का प्रमाण है. इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा तथा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के आचार्यों व संकाय सदस्यों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को पूरे सीयूएसबी परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण बताया है. अधिकारियों ने कहा कि इससे राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और शैक्षणिक उत्कृष्टता को पहचान मिली है. यह सम्मान संस्थान के युवा शोधकर्ताओं और शिक्षकों को राष्ट्रहित में जनोपयोगी नवाचार व वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए प्रेरित करेगा.
