Gaya Ji News : गुरुआ प्रखंड अंतर्गत बेलौटी पंचायत के छेछु बिगहा गांव में पक्की सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के बाद गांव की कच्ची सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है.
बारिश होते ही कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं सड़कें
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पक्की सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं. बारिश होने के बाद रास्तों पर कीचड़ जमा हो जाता है. ऐसे में ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. कई बार कीचड़ भरे रास्ते पर फिसलकर लोग चोटिल भी हो जाते हैं.
बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा असर
कच्चे और कीचड़ भरे रास्ते के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है. वहीं गांव की बहू-बेटियों को भी पढ़ाई और जरूरी कामकाज के लिए बाहर निकलने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या के कारण बरसात के मौसम में बच्चों और महिलाओं की आवाजाही विशेष रूप से प्रभावित होती है.
Also Read : गया में सीयूएसबी छात्रों को मिला निवेश का ज्ञान, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम में शेयर बाजार का लाइव डेमो
सामाजिक कार्यकर्ता को बुलाकर बतायी समस्या
ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम कुमार को गांव में बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया. ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से गांव में पक्की सड़क की जरूरत महसूस की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है.
विधायक और संबंधित अधिकारियों से पहल की मांग
ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता से आग्रह किया कि उनकी समस्या से स्थानीय विधायक, मंत्री और संबंधित पदाधिकारियों को अवगत कराया जाए. उन्होंने गांव में पक्की सड़क निर्माण की दिशा में पहल कराने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से स्थायी रूप से निजात मिल सकेगी.
Also Read : गया जी की गुड्डी कुमारी को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान, पांच सितंबर को पटना में होंगी सम्मानित
पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने, महिलाओं को जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकलने और आम लोगों को दैनिक आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की.
मौके पर मौजूद रहे ग्रामीण
इस मौके पर पंकज कुमार, बालेश्वर यादव, वीरेंद्र यादव, सनोज कुमार, मुकेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, उर्मिला देवी, कांति देवी, आशा देवी, अंजलि देवी, मुकेश यादव समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे.
Also Read : गया में सीयूएसबी छात्रों को मिला निवेश का ज्ञान, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम में शेयर बाजार का लाइव डेमो
