डोभी से ओमकार सिन्हा का रिपोर्ट:
Gaya Ji News : गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में मवेशी चोर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं, जिससे पशुपालकों में हड़कंप मच गया है. शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के मानसीडीह गांव के तीन मवेशी पालकों राजकुमार यादव, रामजी यादव और धनंजय यादव ने आरोप लगाया कि बीती रात उनके गौशाला से अज्ञात चोरों ने एक-एक मवेशी (गाय) चोरी कर लिया है.
पीड़ितों ने बताया कि रोजाना की तरह शुक्रवार की शाम को उन्होंने अपनी गायों को चारा-पानी देकर गौशाला में बांधा था. लेकिन शनिवार सुबह जब वे दूध निकालने के लिए गौशाला पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए. तीनों पशुपालकों के मवेशी वहां से लापता थे. इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन मवेशियों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला.
किसानों की रोजी-रोटी पर संकट, थाने में दी लिखित शिकायत
मवेशी चोरी की इस बड़ी घटना को लेकर पीड़ितों ने डोभी थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ितों ने रोते हुए बताया कि मवेशी ही उनकी रोजी-रोटी का मुख्य साधन हैं. वे इन गायों का दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. एक साथ तीन परिवारों की गायें चोरी होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी डोभी थाना क्षेत्र में मवेशी चोरी की घटनाएं चरम पर थीं. उस दौरान एक रात ग्रामीणों ने रंगे हाथों मवेशी चोरों को पकड़कर डोभी पुलिस के हवाले किया था, जिसके बाद स्थिति कुछ दिनों के लिए शांत हुई थी. लेकिन अब चोर दोबारा सक्रिय हो गए हैं.
सीसीटीवी खंगालने और संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद डोभी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर रही है. इधर, मानसीडीह और आसपास के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गश्त और चौकसी बढ़ाने की मांग की है, ताकि मवेशी चोरों पर नकेल कसी जा सके और किसानों की रोजी-रोटी सुरक्षित रहे.
Also Read: गयाजी में 21 जून को NEET UG री-एग्जाम, जानिए 13 केंद्रों पर कैसी होगी व्यवस्था
