Gaya News(गया से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट ):
बोधगया में आयोजित दो दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हो गया. इस दौरान विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को राष्ट्र, संगठन, विचारधारा और कार्यपद्धति से जुड़े विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया.
कार्यक्रम में औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील सिंह, प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा, जिला प्रभारी सुरेश शर्मा, वरिष्ठ नेता विजय सिंह तथा बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे.
देश के समक्ष चुनौतियों और स्वदेशी पर जोर
पूर्व सांसद सुशील सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व असंतुलन और अव्यवस्था के दौर से गुजर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर इसका अपेक्षाकृत कम प्रभाव पड़ा है. उन्होंने स्वदेशी को बढ़ावा देने और विदेशी वस्तुओं के उपयोग को कम करने का आह्वान किया.
संगठन और कार्यकर्ताओं की भूमिका
प्रदेश महामंत्री धनराज शर्मा ने कहा कि संगठन में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है और उनके त्याग एवं बलिदान को सदैव स्मरण रखा जाना चाहिए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने आचार, विचार और व्यवहार को सकारात्मक रखने की अपील की.
जिला प्रभारी सुरेश शर्मा ने बूथ स्तर की बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का मार्गदर्शन किया. विजय सिंह ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण पर प्रकाश डाला.
समापन सत्र की अध्यक्षता भाजपा गया जिला पूर्वी अध्यक्ष विजय कुमार मांझी ने की. प्रशिक्षण शिविर में लगभग 300 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना रहा.
सामूहिक निर्णय और संगठन की कार्यशैली
अंतिम सत्र में मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली बैठक, प्रवास, संवाद और सामूहिक निर्णय पर आधारित है. उन्होंने कहा कि पार्टी विचारनिष्ठ संगठन है और कार्यकर्ताओं के आचरण से ही इसकी पहचान बनती है. उन्होंने राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया.
Also Read: इमामगंज में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का एक्शन, भट्ठी ध्वस्त
