बिहार में अवैध बालू खनन पर बड़ा एक्शन, गया और औरंगाबाद में पांच ट्रैक्टर जब्त

Bihar News: बिहार में अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गया जिले के केहर बिगहा घाट पर छापेमारी कर बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं. वहीं औरंगाबाद में भी दो ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं.

Bihar News: गया के मोहड़ा प्रखंड के केहर बिगहा घाट पर लंबे समय से अवैध बालू खनन और ढुलाई की शिकायत मिल रही थी. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि घाट पर बड़े पैमाने पर बालू की अवैध ढुलाई की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की. अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया.

डीएसपी के नेतृत्व में चला अभियान

यह कार्रवाई नीमचक बथानी के डीएसपी सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई. उनके साथ अतरी थाना अध्यक्ष राज कौशल और बथानी थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय भी मौजूद रहे. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया और अवैध बालू से लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया.

ट्रैक्टर मालिकों की पहचान जारी

डीएसपी ने बताया कि जब्त किए गए ट्रैक्टरों के मालिकों और चालकों की पहचान की जा रही है. जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खनन के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है.

अवैध खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा. इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है.

औरंगाबाद में भी कार्रवाई

औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में भी अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी अभियान में शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया. दोनों वाहनों पर करीब 200 सीएफटी सोन नदी का बालू लदा हुआ था, लेकिन किसी भी प्रकार का वैध चालान प्रस्तुत नहीं किया जा सका. कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रैक्टरों के चालक मौके से फरार हो गए.

स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की सराहना

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की पहल की सराहना की है. लोगों का कहना है कि अवैध बालू खनन के कारण इलाके में कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही थीं. ग्रामीणों ने मांग की है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहे, ताकि पूरी तरह से अवैध खनन पर रोक लग सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे.

Also Read: पटना में बंद फ्लैटों को बनाता था निशाना, पुलिस के हत्थे चढ़ते ही ‘कल्लू’ ने खोले कई राज, लाखों रुपये कैश और ज्वेलरी बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >