गया में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ी कार्रवाई, ब्लूटूथ से चोरी करते और दोस्त के बदले परीक्षा देते दो मुन्नाभाई गिरफ्तार

Bihar Sipahi Bharti Exam : गया जी में आयोजित केंद्रीय चयन परिषद सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान दो फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया है. कोतवाली थाना क्षेत्र के रामरुचि बालिका इंटर स्कूल से नालंदा का एक परीक्षार्थी ब्लूटूथ के साथ चोरी करते पकड़ा गया, जबकि अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज से सहरसा का एक युवक अपने दोस्त के बदले परीक्षा देते हुए दबोचा गया.

Bihar Sipahi Bharti Exam : (रोशन कुमार) केंद्रीय चयन परिषद सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान गया जी शहर के दो अलग-अलग केंद्रों से गड़बड़ी करने वाले दो परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक ब्लूटूथ के साथ चोरी करते और दूसरा दोस्त के बदले परीक्षा देते पकड़ा गया. मद्य निषेध (सिपाही) कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए 14 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में सुरक्षा और कड़ाई के कारण लगभग 50 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे

परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दो युवक गिरफ्तार

पहली पाली में आवंटित 6648 अभ्यर्थियों में से 3274 उपस्थित व 3372 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. वहीं दूसरी पाली में आयोजित परीक्षा के लिए आवंटित 6648 अभ्यर्थियों में से 3305 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 3343 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी. हालांकि, डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार की सजगता और उनके अधीनस्थ अधिकारियों की कड़ी मॉनीटरिंग से परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दो युवकों को अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से गिरफ्तार किया गया.

रामरुचि बालिका इंटर स्कूल में ब्लूटूथ के साथ पकड़ाया प्रिंस

जानकारी के अनुसार, इस परीक्षा के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के रामरुचि बालिका इंटर स्कूल से एक परीक्षार्थी को ब्लूटूथ के साथ परीक्षा में चोरी करते हुए वीक्षकों ने पकड़ा. रामरूचि बालिका इंटर स्कूल से ब्लूटूथ के साथ परीक्षार्थी के पकड़े जाने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी एक्टिव हुए. केंद्राधीक्षक अंजना कुमारी ने पकड़े गए युवक को कोतवाली थाने की पुलिस को सौंप दिया और पुलिस ने ब्लूटूथ को जब्त कर लिया.

Gaya News: FIR दर्ज कोतवाली थाने की पुलिस कर रही पूछताछ

कोतवाली पुलिस ने पकड़े गए परीक्षार्थी की पहचान नालंदा जिले के दीपनगर थाने के कोरई गांव के रहने वाले अरविंद प्रसाद के बेटे प्रिंस कुमार के रूप में की है. घटना की जानकारी पाते ही सिटी डीएसपी सरोज कुमार साह सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी वहां पहुंचे और उससे पूछताछ की. वहीं, रामरूचि बालिका इंटर स्कूल की केंद्राधीक्षक अंजना कुमारी के बयान पर कोतवाली थाने में गिरफ्तार परीक्षार्थी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई.

इधर, प्राथमिकी दर्ज कर कोतवाली थाने की पुलिस उससे पूछताछ करने में जुट गई है, ताकि यह पता चल सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और ब्लूटूथ से उसे कौन चोरी करा रहा था.

दोस्त की जगह पर परीक्षा दे रहा सहरसा का आशीष गिरफ्तार

वहीं, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज में आयोजित परीक्षा की प्रथम पाली में परीक्षा दे रहे एक युवक का चेहरा व हस्ताक्षर मिलान के दौरान जांच करने में जुटे वीक्षक को आशंका हुई. तब उन्होंने परीक्षार्थी से गंभीरता से पूछताछ और छानबीन की, तो पता चला कि वह युवक अपने दोस्त के बदले में परीक्षा दे रहा है. इस घटना को लेकर पुलिस के वरीय अधिकारियों और वहां मौजूद दंडाधिकारियों ने कड़ी पूछताछ की, तो पकड़े गए परीक्षार्थी की पहचान सहरसा जिले के सदर थाने के शाहपुर गांव के रहने वाले वीरेंद्र यादव के बेटे आशीष कुमार यादव के रूप में की गई है.

पकड़े गए आशीष ने बताया कि वह अपने दोस्त सहरसा इलाके के रहने वाले बिंदेश्वर कुमार के बेटे बाबुल कुमार के बदले परीक्षा दे रहा था. केंद्राधीक्षक ने पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थी को रामपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया.

कई बिंदुओं पर की जा रही छानबीन

इधर, रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थी सहरसा जिले के सदर थाने के शाहपुर गांव के रहने वाले आशीष कुमार यादव और उसके दोस्त बाबुल कुमार के विरुद्ध अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज के केंद्राधीक्षक मोहम्मद नजीर अख्तर के बयान पर केस दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आशीष कुमार यादव से पूछताछ कर कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है.

गया के इन 14 केंद्रों पर हुई परीक्षा

उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय गौरी कन्या भुसुंडा, प्लस टू जिला स्कूल, टी मॉडल इंटर स्कूल, अनुग्रह कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गवर्नमेंट गर्ल्स प्लस टू स्कूल रमना रोड, प्लस टू गया हाई स्कूल, हादी हाशमी सीनियर सेकेंडरी प्लस टू स्कूल, महावीर इंटर कॉलेज स्वराजपुरी रोड, प्लस टू कासिमी हाई स्कूल, प्लस टू हाई स्कूल रसलपुर, प्लस टू हरिदास सेमिनरी स्कूल, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, प्लस टू हाई स्कूल चंदौती और रामरुचि बालिका इंटर स्कूल केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.

Also Read: लुधियाना की फैक्ट्री में 30 फीट गहरे गड्ढे में गिरा व्यक्ति, इलाज के दौरान हुई मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >