गया जी: गुरुआ के चकजलपा स्कूल में सोशल मीडिया पर वायरल मामले की जांच, बीइओ बोले- दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई

गुरुआ प्रखंड के मध्य विद्यालय चकजलपा में बीइओ डॉ जयशंकर सिंह ने निरीक्षण किया। सोशल मीडिया पर वायरल खबर के बाद जांच और कार्रवाई के दिए निर्देश।

Gaya Ji News: जिले के गुरुआ प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय चकजलपा में बुधवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) डॉ. जयशंकर सिंह ने औचक निरीक्षण किया. बीईओ ने बताया कि सोशल मीडिया पर विद्यालय की व्यवस्था और शैक्षणिक माहौल को लेकर कुछ भ्रामक एवं नकारात्मक खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं. इस सूचना का तुरंत संज्ञान लेते हुए उन्होंने विद्यालय का भौतिक सत्यापन और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए यह स्थलीय निरीक्षण किया.

पठन-पाठन और उपस्थिति पंजियों की गहन जांच

निरीक्षण के क्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और पठन-पाठन के स्तर की पड़ताल की. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षक उपस्थिति पंजी, रोकड़ बही, छात्र उपस्थिति रजिस्टर तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) से संबंधित सभी अभिलेखों का सूक्ष्म अवलोकन किया. बीईओ ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे नियमित समय-सारणी के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें और शैक्षणिक अनुशासन में किसी प्रकार की कोताही न बरतें.

अपने ही स्कूल की गलत जानकारी वायरल करने पर सख्त चेतावनी

बीईओ डॉ. जयशंकर सिंह ने विद्यालय के शिक्षकों द्वारा सोशल मीडिया पर अपने ही संस्थान से जुड़ी गलत अथवा भ्रामक जानकारी साझा किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने इसे घोर अनुशासनहीनता बताते हुए कहा कि अपने ही विद्यालय की प्रतिष्ठा को धूमिल करना अत्यंत गंभीर मामला है. उन्होंने शिक्षकों को स्पष्ट रूप से आगाह किया कि विद्यालय की गरिमा और व्यवस्था के साथ किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पूरे मामले की आंतरिक व विधिक जांच कराई जा रही है और संलिप्त पाए जाने वाले कर्मियों पर शिक्षा विभाग के नियमों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

कमरों के अभाव पर वरीय पदाधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट

विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा के दौरान बीईओ ने पाया कि छात्र संख्या के अनुपात में वर्ग कक्षों (कमरों) की कमी है. इस समस्या पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण की आवश्यकता है. इसके लिए वे संबंधित वरीय विभागीय पदाधिकारियों और जिला शिक्षा कार्यालय को विस्तृत प्रतिवेदन भेजेंगे, ताकि अविलंब अतिरिक्त कमरों की स्वीकृति मिल सके और विद्यार्थियों को अध्ययन में किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े.

इस निरीक्षण के दौरान विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सरिता कुमारी, शिक्षक रमेश कुमार, अजित कुमार, श्रद्धा तिवारी, सुमन कुमार, नंदलाल प्रसाद सहित अन्य शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डॉ प्रमोद कुमार वर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >