Gaya News: अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और धार्मिक स्थल बोधगया आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को लेकर नगर परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पितृपक्ष मेले और आगामी पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए दोमुहान से महाबोधि मंदिर तक सड़क किनारे बने फुटपाथ और यात्री शेड को संवारा जा रहा है.
नगर परिषद द्वारा पहले चरण में सड़क किनारे मौजूद फुटपाथों की मरम्मत कराई जा रही है. साथ ही अनावश्यक झाड़ियों और गंदगी की सफाई की जा रही है, ताकि सड़क साफ-सुथरी दिखे और लोग आसानी से पैदल भ्रमण कर सकें. इसके अलावा सड़क किनारे बने यात्री शेड के आसपास उगी घास हटाई जा रही है तथा टूटे हुए बेंच और संरचनाओं को दुरुस्त किया जा रहा है.
गंदगी व झाड़ियों से होती थी परेशानी
गौरतलब है कि पूर्व में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आराम के लिए लोहे और स्टील पाइप से यात्री शेड का निर्माण कराया गया था. इसका उद्देश्य था कि देश-विदेश से आने वाले लोग यहां कुछ देर बैठकर आराम कर सकें. लेकिन उचित देखरेख नहीं होने के कारण अधिकांश यात्री शेड जर्जर हो गए थे और आसपास गंदगी व झाड़ियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
स्थिति को देखते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार ने दोमुहान से महाबोधि मंदिर तक बने यात्री शेड को फिर से उपयोगी बनाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है. इस दिशा में काम भी शुरू कर दिया गया है.
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा
नगर परिषद का मानना है कि पितृपक्ष मेले के बाद शुरू होने वाले पर्यटन सीजन में देशी-विदेशी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. वे बेहतर अनुभव के साथ महाबोधि मंदिर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर सकेंगे.
कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि बोधगया आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. साफ-सफाई के साथ-साथ उपलब्ध सुविधाओं को अधिक उपयोगी और प्रभावी बनाया जा रहा है.
Also Read: महारुद्र यज्ञ में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष, कहा- ऐसे आयोजन बढ़ाते हैं भाईचारा
