Gaya Ji Khizersarai ASI Suspended : गया जी के खिजरसराय थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी नागा यादव ने आरोप लगाया था कि कांड संख्या 181/2026 के अनुसंधानकर्ता एएसआई तेजनारायण चौबे ने शराब मामले में फंसाने का भय दिखाकर उन्हें बचाने के बदले अवैध धनराशि की मांग की. शिकायत के समर्थन में ऑडियो रिकॉर्डिंग और पेन ड्राइव भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई थी.
जांच में प्रथम दृष्टया सही पाए गए आरोप
मामले की जांच पुलिस अंचल निरीक्षक को सौंपी गई. जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज एएसआई तेजनारायण चौबे की है और उसमें धनराशि की मांग की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपों को प्रथम दृष्टया सही माना गया.
आईजी ने किया निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जोनल आईजी विकास वैभव ने तत्काल प्रभाव से एएसआई तेजनारायण चौबे को निलंबित कर दिया. साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय गया पुलिस केंद्र निर्धारित किया गया है.
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई
जोनल आईजी ने कहा कि अनुसंधानकर्ता पर अपने पद का दुरुपयोग कर विवेचना को प्रभावित करने और अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से धनराशि मांगने का आरोप है, जो गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है.
