बोले वोटर-लाइटें लगती हैं, पर जलतीं नहीं

शेरघाटी : शहर के गोलाबाजार में स्थित वार्ड 12 के तीन शिवाला धर्मसभा भवन में लोगों कहा कि इस बार विकास की बात नहीं काम करनेवाले पार्षदों को चुन कर नगर पंचायत में भेजेंगे. मौका था नगर पंचायत चुनाव को लेकर ‘प्रभात खबर’ की तरफ से आयोजित ‘चौपाल’ कार्यक्रम का. इसमें डाॅ सत्यनारायण ने बताया […]

शेरघाटी : शहर के गोलाबाजार में स्थित वार्ड 12 के तीन शिवाला धर्मसभा भवन में लोगों कहा कि इस बार विकास की बात नहीं काम करनेवाले पार्षदों को चुन कर नगर पंचायत में भेजेंगे. मौका था नगर पंचायत चुनाव को लेकर ‘प्रभात खबर’ की तरफ से आयोजित ‘चौपाल’ कार्यक्रम का.
इसमें डाॅ सत्यनारायण ने बताया कि यहां नगर पंचायत द्वारा कई लाइटें लगायी गयी है, लेकिन देखरेख के अभाव में अधिकतर खराब पड़ी है. इसी वार्ड के अनिरुद्ध विश्वकर्मा ने कहा कि वार्ड 10 से 13 के बीच एक भी सरकारी स्कूल नहीं है. इन वार्डों में सबसे पहले स्कूल खोलने की दिशा में पहल होनी चाहिए. वार्ड 11 के दीनानाथ पांडेय का विचार था कि वार्ड में नाली व गली के निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की गयी है.
दुर्गा स्थान से लक्की ब्यूटी पार्लर तक नालियों की नियमित उड़ाही नहीं होने व साफ-सफाई में भेद-भाव बरता गया. अनुज कुमार व सन्नी कुमार ने माना कि नालियों की सफाई होती है, लेकिन कचरा निकाल कर बाहर की छोड़ दिया जाता है. महेंद्र गुप्ता ने राशन कार्ड बनाने में धांधली की बात उठायी. वार्ड 11 के मोहम्मद मूसा ने बताया कि इमामबाड़ा के पास चापाकल का पानी सड़क पर बहता है. वार्ड 11 के कंचन कुमार ने कहा कि दुर्गा स्थान के सामनेवाली गली में नली व गली की सफाई नहीं होती है. नालियां भी टूट रही हैं.
थोड़ी सी बारिश होने पर ही गंदा पानी हनुमान मंदिर में चला जाता है. वार्ड 13 के मनोज कुमार ने कहा कि बीआरसी के निकट से पुरानी चट्टी तक 15 साल में नाली व गली का निर्माण नहीं हो सका है. इसी वार्ड के विकास कुमार ने माना कि चट्टी मुहल्ला स्थित दलित टोला में शौचालय का निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण महिलाओं को आज भी बाहर ही शौच के लिए निकलना पड़ता है. वार्ड 14 के संतोष कुमार ने कहा कि मुख्य पार्षद का वार्ड होने के बावजूद यहां नाली व गली का निर्माण बेतरतीब तरीके किया गया.
वार्ड में पेयजल के लिए घर-घर नल का पानी नहीं पहुंचा है. इस वार्ड में कई दलित टोले हैं, लेकिन आजतक किसी के घर शौचालय नहीं बना है. जगह–जगह पर गंदगी का अंबार दिख जायेगा. सड़कों के किनारे एलइडी लाइट तो लगे, लेकिन आज तक इनमें से कई जले ही नहीं. वार्ड 15 के चंदन कुमार ने बताया कि वार्ड में नाली कानिर्माण हुआ, लेकिन एक बूंद भी नाली का पानी बाहर नहीं निकला. इसके कारण नालियां हमेशा बजबजाती रहती हैं.
नियमित सफाई भी नहीं होती है. इस क्षेत्र में गंदगी से संक्रमण की बीमारी फैलने का डर बना रहता है. वार्ड 11 के टुनटुन अग्रवाल ने बताया कि यहां बेतरतीब तरीके से नाली व सड़क का निर्माण किया गया, जिसके कारण गंदा पानी मुहल्ले में ही तैरता रहता है. वार्ड में नाली के निर्माण के बाद ढक्कन नहीं बनाये जाने के कारण सड़क से आने–जाने में काफी परेशानी होती है. वार्ड 11 के अर्जुन माला कर ने बताया कि नगर क्षेत्र में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं रहने से बाजार आनेवाली महिलाओं को परेशानी होती है. उन्होंने कहा की इस पर नगर पंचायत को तत्काल कोई ठोस कदम उठाना चाहिए.
रामस्वरूप स्वर्णकार ने नगर क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत सभी पार्षदों को एकजुट होकर विकास के कार्यों को पूरा करने की जरूरत पर अपनी राय दी. वार्ड 11 के संजय कुमार बताते हैं कि वार्ड में आंगनबाड़ी केंद्र कहां चलता है किसी को इसका अता-पता नहीं है. वार्ड 12 के रंजीत तिवारी बताते हैं कि वार्ड का बसंतबाग मुहल्ला विकास से आज भी अछूता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >