गया : बिहार के गया में बरातियों से भरी एक बस हाइ टेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गयी. इस घटना में दो दर्जन से ज्यादा बराती झुलस गये. जानकारी के मुताबिक घटना जिले के बांके बाजार की बतायी जा रही है. इस घटना में झुलसे यात्रियों को गया के मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भरती कराया गया है. बताया जा रहा है कि चार बरातियों की स्थिति नाजुक बनी हुई है. गया के बांके बाजार प्रखंड के बैताल गांव से डुमरिया के बरबाडीह गांव में बरात जा रही थी. इस दौरान बस अचानक 11 हजार वोल्ट की बिजली की तार के चपेट में आ गये.
बिजली का तार लगते ही पूरी बस में अफरा-तफरी मच गयी. बस पर सवार 23 यात्री बुरी तरह झुलस गये. घटना शुक्रवार को देर रात हुई इस घटना में किसी तरह बरातियों की जान बच पायी है. बताया जा रहा है कि बरातियों की चीख पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण दौड़े और उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना में बुरी तरह झुलसे एक युवक की आवाज पूरी तरह गायब हो गयी है. वहीं दूसरी ओर, घटना के तुरंत बाद बस का ड्राइवर और खलासी वहां से फरार हो गये.
यह भी पढ़ें-
करेंट से आठ बराती झुलसे
