डोभी में बड़ी संख्या में तैनात हैं वािणज्य कर विभाग के कर्मचारी
गया : जीएसटी के प्रभावी होने के बाद से जिले के नेशनल हाइवे डोभी सूर्य मंडल स्थित वाणिज्य कर की चौकियां बंद हो सकती हैं. हालांकि इस बाबत विभागीय स्तर पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ है, पर विभागीय गलियारे में ऐसी गुफ्तगू शुरू हो गयी हैं. वरीय अधिकारियों का कहना है कि जीएसटी के पूरी तरह से प्रभावी हो जाने के बाद चौकियों का कोई औचित्य नहीं रह जायेगा.
दरअसल वाणिज्य कर विभाग की चौकी डोभी सूर्यमंडल के निकट है. इस चौकी पर 24 घंटे अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी देते हैं. अब तक चौकी का मकसद दूसरे राज्यों से आनेवाले काॅमर्शियल माल की जांच पड़ताल करना व टैक्स वसूलने के साथ टैक्स की चोरी कर लाये जा रहे माल की धर-पकड़ करना रहा है. देश में एक ही टैक्स प्रणाली जीएसटी लागू होने के बाद से ऐसी किसी भी चौकी को खोले रखना निरर्थक है. खास बात यह भी है कि जिला वाणिज्य कर की चौकी पर बड़ी संख्या में अधिकारी व अन्य कर्मचारी तैनात हैं.
वह शिफ्ट वाइज चौकी पर ड्यूटी देते हैं. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि चौकी व्यवस्था खत्म की गयी, तो जिला दफ्तर में कर्मचारियों की संख्या में इजाफा होगा व काम तेजी से निबटाये जायेंगे. अधिकारियों का कहना है कि दूसरे प्रदेश में चौकी को समाप्त करने की कवायद हो गयी है. आनेवाले दिनों में यहां भी चौकियों के मद्देनजर कुछ ठोस निर्णय लिये जा सकते हैं.
