गया : विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार की जनता की लंबी मांगें आज पूरी हुई हैं. उन्होंने कहा कि लोग काफी समय से गया-किऊल रेललाइन के दोहरीकरण की मांग कर रहे थे. तिलैया-किऊल रेलखंड पर विद्युतीकरण भी जरूरी था, जिसे शुरू करा दिया गया है.
इस साल रेल बजट में 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. गया जंकशन पर लाखों पिंडदानियों को विशेष सुविधा मिलेगी. प्रेम कुमार ने मंत्री से मांग की कि गया रेलवे स्टेशन पर विष्णु चरण चिह्न भी लगाया जाये. उन्होंने कहा कि युवा एक्सप्रेस व दुरंतो का कमर्शियल ठहराव कराया जाये. इससे यात्रियों को सुविधा होगी. मुंबई जानेवाली महानगरी एक्सप्रेस का गया तक विस्तार कर दिया जाता, तो यात्रियों को सुविधा मिलती.
उन्होंने कहा दो नंबर गुमटी पर रेल आेवरब्रिज बनाया गया है, उसी तरह गुमटी संख्या एक पर भी आेवरब्रिज बनाया जाये, ताकि यात्रियाें काे सुविधा मिल सके. इस मौके पर रेलवे बोर्ड के अभियंता सदस्य आदित्य कुमार मित्तल, महाप्रबंधक डीके गायेन, दूरसंचार महाप्रबंधक किशोर कुमार, दानापुर के डीआरएम रमेश कुमार झा, विधान पार्षद कृष्ण कुमार सिंह उर्फ कुमार बाबू व इरकॉन के निदेशक हितेश खन्ना आदि मौजूद थे.
