दुस्साहस. बैटरी चुराने के दौरान िदया अंजाम
मालगोदाम के निकट हुई घटना
गया : ट्रक से बैटरी चुरा रहे चाेरों ने डेल्हा थाना क्षेत्र के बड़की डेल्हा निवासी पप्पू यादव व उनके साथी के ऊपर बमबाजी कर घायल कर दिया. घायलों को मगध मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया है. पप्पू यादव की स्थिति गंभीर बनी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव का ट्रक परैया रोड स्थित मालगोदाम के निकट खड़ा था. देर रात किसी ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके ट्रक से चोर बैटरी चुरा रहे हैं.
इस पर वह अपने एक साथी के साथ मालगोदाम की ओर बाइक से चल पड़े. मालगोदाम के गेट पर पहुंचते ही चोरों ने उनके ऊपर देशी बम फेंक दिये. बम बाइक की टंकी पर गिरा व जोरदार आवाज के साथ बलास्ट कर गया. इससे उनकी पेट, छाती व गरदन बुरी तरह से जख्मी हो गया. आनन-फानन में घायलों को मगध मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया. पप्पू का सघन इलाज किया जा रहा है. उनकी स्थिति देर शाम तक गंभीर बनी हुई थी, जबकि उनके साथी दीनदयाल के पैर में जख्म हैं.
डेल्हा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया व पीड़ित से मगध मेडिकल कॉलेज में घटना की जानकारी ली. पीड़ित का कहना है कि बम फेंकने वाले चोरों की संख्या चार थी. उन चार में से दो की उसने पहचान कर ली है. देर शाम पीड़ित की ओर से दी गयी शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. डेल्हा थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए जुट गयी है.
