कोई छेड़खानी, तो कोई रंगदारी बता रहा है घटना का कारण
घटनास्थल से पुलिस ने गोली का एक खोखा किया बरामद
एक दूसरे के विरुद्ध नामजद मुकदमा कराया दर्ज
गया : मगध मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित हरिओ गांव में शुक्रवार की शाम दो पक्षों के बीच गोलियां चलायी गयीं. अचानक शाम में हुई गोलीबारी से पूरे गांव में खलबली मच गयी. गांव के बच्चे व महिलाएं दहशत में आ गये. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करायी गयीहै. देर शाम तक इस मामले में किसी भी पक्ष के आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.
थानाध्यक्ष लालबिहारी पासवान ने बताया कि एक पक्ष ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने व विरोध करने पर मारपीट व फायरिंग करने का आरोप लगाया है. वहीं, दूसरे पक्ष ने घर में घुस कर उसके बेटे सोनू कुमार की पिटाई व गोली चलाने का मुकदमा दर्ज कराया है.
थाने में हरिओ के रहनेवाले कृष्णा सिंह की ओर से दी गयी शिकायत में कहा गया है कि शुक्रवार की शाम उसके गांव के रहनेवाले विनोद यादव व उसके समर्थक उनके घर में घुस गये व पोता सोनू कुमार की पिटाई की व फायरिंग भी की. वहीं, विनोद यादव का कहना है कि सोनू ने उनकी भतीजी के साथ छेड़खानी की थी. इस बात की शिकायत उनकी भतीजी ने की.
घरवाले जब इस बात की नाराजगी जताने उसके घर पहुंचे, तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी. थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से दी गयी शिकायत के आधार पर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किये गये हैं. साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
