गया: रमना रोड के रहनेवाले युवक अंकित कुमार को ऑटोवाले को अश्लील गाना बजाने से मना करना भारी पड़ गया. ऑटोवाले ने उस युवक की बुरी तरह से पिटाई कर डाली. अचरज की बात है कि घटनास्थल पर उस युवक को मार खाते हुए तमाम लोगों ने देखा, पर एक ने भी उसे बचाने की दिलेरी नहीं दिखायी. अंकित कुमार का कहना है कि वह पेशे से ड्राइवर है. वह अपने निजी काम से कटारी हिल रोड गया था. वहां से वह एक ऑटो से वापस घर को आ रहा था. उस ऑटो पर दो महिलाएं भी बैठी थीं.
इस बीच ऑटोवाले ने अश्लील गाना बजाना शुरू कर दिया. महिलाओं ने गाना बजाने से मना किया, पर ऑटो वाला नहीं माना. इस पर अंकित ने भी आपत्ति जता दी. उसका आपत्ति जताना ऑटो चालक को नागवार गुजरा. दोनों के बीच बहस हो गयी. ऑटो चालक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया. बड़ी संख्या में उसके दोस्त कुछ ही क्षण में कटारी रोड पहुंच गये और बगैर कुछ सवाल-जवाब किये अंकित को ऑटो से सड़क पर उतारा व पिटाई करने लगे. मारपीट के बाद ऑटो चालक व उसके साथी मौके से फरार हो गये. किसी तरह से अंकित ने अपने कार मालिक को सूचना दी.
कार मालिक के साथ वह सिविल लाइंस पहुंचा. सिविल लाइंस की पुलिस ने उसका मेडिकल कराया. उसके चहेरे पर चोट के कई निशान हैं. उसने ऑटो चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
