विरोध. डीएम व एसएसपी के संयुक्त आदेश का उल्लंघन
चोरी-छिपे पिछले दरवाजे से भागे जिला स्कूल के प्राचार्य
इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का विरोध
गया : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बोर्ड) के निर्देश पर इंटरमीडिएट परीक्षा से संबंधित उतरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर बनाये गये केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम कुमार रवि व एसएसपी गरिमा मलिक ने 16 मार्च को संयुक्त आदेश निकाला था. डीएम व एसएसपी ने मूल्यांकन केंद्रों पर विधि व्यवस्था का वरीय प्रभार अपर समाहर्ता आर प्रसाद, सिटी एसपी अवकाश कुमार, सदर एसडीओ विकास कुमार जायसवाल व डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सतीश कुमार को सौंपा है. इन्हें जिम्मेवारी सौंपी गयी है कि वे मूल्यांकन केंद्रों के पास लगातार गश्त करते रहेंगे़ मूल्यांकन केंद्रों पर न, तो कोई अधिकारी नजर आ रहे हैं और न ही पुलिसवाले. इसी का लाभ उठा कर रविवार को जिला स्कूल व गया कॉलेज सहित अन्य मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया़
12 उतरपुस्तिकाओं का हुआ मूल्यांकन : जानकारी के अनुसार जिला स्कूल के परिसर में उतरपुस्तिकाओं की जांच शुरू कर दी गयी थी. 12 उतरपुस्तिकाओं की जांच हुई, लेकिन वहां सुरक्षा व्यवस्था नहीं रहने के कारण खिड़कियों से उग्र परीक्षकों ने शाेर मचाना शुरू किया़ जिला स्कूल के ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरों में उतरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे परीक्षकों को वहां से निकल जाने पर मजबूर कर दिया.
उग्र परीक्षकों के भय से मूल्यांकन कर रहे परीक्षक अपना कामकाज बंद कर उतरपुस्तिकाओं को प्रधान परीक्षक को सौंप दिया. प्राचार्य ने अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया. स्थिति बिगड़ती देख प्राचार्य दूसरे दरवाजे से बाहर निकले. ऐसी ही स्थिति गया कॉलेज में भी देखने को मिली. गया कॉलेज के नीतीश कुमार परीक्षा भवन के बाहर परीक्षकों ने जम कर नारेबाजी की और मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया. परीक्षक के रूप में तैनात प्रो अरविंद कुमार, प्रो नागेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने बताया कि सामूहिक रूप से मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किया गया है.
आज से हर मूल्यांकन केंद्र पर होगी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था : जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) ठाकुर मनोरंजन प्रसाद ने बताया कि मूल्यांकन केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम कुमार रवि व एसएसपी गरिमा मलिक ने संयुक्त आदेश निकाला है. सुरक्षा को लेकर कई अधिकारियों को जिम्मेवारी सौंपी गयी है. रविवार को गया में राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित अन्य वरीय अधिकारियों के आगमन को लेकर सभी अधिकारियों का ध्यान उनकी सुरक्षा व विधि-व्यवस्था पर था. सोमवार से सभी मूल्यांकन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध होंगे. डीएम व एसएसपी के संयुक्त आदेश के अनुसार वरीय अधिकारी वहां तैनात रहेंगे और मूल्यांकन केंद्रों पर गड़बड़ी करनेवालों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे.
आइपीसी की धाराओं के तहत होगी कार्रवाई : उतर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में व्यवधान पैदा करनेवालों के विरुद्ध अब अधिकारी सख्त रुख अपनाने का फैसला लिया है. सूत्रों के अनुसार मूल्यांकन कार्य में व्यवधान पैदा करनेवालों पर बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 व भारतीय दंड विधान (अाइपीसी) की धाराओं के तहत कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि इंटरमीडिएट की परीक्षा से संबंधित उतर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर गया शहर में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा चार केंद्र बनाये गये हैं.
