गया. चंदौती थाना क्षेत्र के इंगलिश गांव के पास कुजापी पइन से एक युवक का शव बरामद किया गया. गुरुवार की दोपहर बाद तीन बजे पुलिस को शव की जानकारी मिली व शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान की जा रही है. चंदौती थानाध्यक्ष चंद्रभानू ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक की गला दबा कर हत्या कर दी गयी है व उसके शव को कहीं से लाकर कुजापी पइन में फेंक दिया गया है.
उन्होंने बताया कि आसपास के चार-पांच गांवों के लोगों को बुलाकर मृतक युवक की पहचान करायी गयी, पर किसी ने उसकी शिनाख्त नहीं की है. युवक बनियान व जांघिया पहने हुए है व उसकी उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बतायी जाती है. फिलहाल युवक को मगध मेडिकल अस्पताल में रखा गया है व सभी थानों को इसकी सूचना दे दी गयी है.
