मुखिया गीता देवी समेत छह को किया नामजद
शुक्रवार की रात गोली मार कर की गयी थी हत्या
बाराचट्टी : शुक्रवार की देर शाम भलुआ पंचायत के पूर्व उप मुखिया व राजद के पंचायत अध्यक्ष रहे छत्रबली तुरी की हत्या मामले में मृतक की पत्नी रचिया देवी ने वर्तमान मुखिया गीता देवी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है. अन्य अारोपित फरार चल रहे हैं. हत्या की वजह बीते वर्ष पंचायत चुनाव के दौरान उपजी चुनावी रंजिश बतायी जा रही है. क्षेत्रीय पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. थानाध्यक्ष चेतनानंद झा ने बताया कि रिचवा देवी ने मामले में भलुआ पंचायत की मुखिया गीता
देवी पूर्व पंचायत समिति सदस्य जगदीश यादव उसके सगे भाई उमेश यादव व विनोद यादव समेत छह लोगों को जिम्मेवार ठहराया है. अारोपित विनोद यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. विधायक ने जताया दुख क्षेत्रीय विधायक समता देवी ने निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई व मृतक आश्रितों को सरकारी सुविधाएं देने की मांग की है. मृतक की पत्नी को ढांढ़स बंधाते हुए विधायक ने कहा कि छत्रबली की हत्या से पार्टी को नुकसान हुआ है और इस दिशा में वरीय अधिकारियों से बात की जायेगी. मौके पर राजद के प्रखंड अध्यक्ष कृष्णदेव यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
जान के खतरे की दी गयी थी सूचना
इधर, रिचवा देवी ने बताया कि उनके पति को जान का खतरा था, जिसकी सूचना कई बार पुलिस को दी गयी, लेकिन इस दिशा में उचित कार्रवाई नहीं की गयी. इधर, पूर्व मुखिया सरयू साव पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिलीप यादव, नवल गुप्ता ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से आश्रितों को हर संभव सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है. गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की रात करीब नौ बजे बदमाशों ने पूर्व उप मुखिया छत्रबली तुरी को घर से उठा कर जंगल में ले गये थे वहां उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी.
