बोधगया : बाल कवियों ने शनिवार को तक्षशिला स्कूल में आयोजित इंटर स्कूल कवि सम्मेलन में अपनी प्रतिभा दिखा कर लोगों को मुग्ध कर दिया. ‘मां और प्रकृति’ विषय पर आयोजित कविता पाठ में विभिन्न स्कूलों के कक्षा सात से 11 तक के 50 से ज्यादा स्टूडेंट्स शरीक हुए व अपनी रचना प्रस्तुत की. इस कवि सम्मेलन सह प्रतियोगिता का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया व इसमें निर्णायक के रूप में हिंदी व जापानी भाषा के जानकार कवि विष्णुलाल बारिक,
मगही साहित्य संगम के अध्यक्ष कवि कन्हैयालाल मेहरवार व प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष कवि कृष्ण कुमार मौजूद थे. इस दौरान अतिथियों व विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों ने भी कविता पाठ किया. सम्मेलन के अंत में तक्षशिला स्कूल के शशांक पांडेय व चंद्र प्रकाश गर्ग को प्रथम, ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल के राघवेंद्र को द्वितीय व फातिमा फिरदौस को तृतीय विजेता के रूप में तक्षशिला स्कूल के प्राचार्य नीरज गुप्ता ने प्रमाणपत्र प्रदान किया. इस कवि सम्मेलन में प्रथम चैंपियन तक्षशिला स्कूल को, प्रथम रनरअप ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल को व द्वितीय रनरअप मानव भारती नेशनल स्कूल के स्टूडेंट्स को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
