गया: गया नगर निगम में वर्ष 2017-18 का 2,68,09,74,000 रुपये का बजट मेयर सोनी कुमारी ने बोर्ड की विशेष बैठक में बुधवार को पेश किया. बजट को ध्वनि मत से पार्षदों ने पारित कर दिया. बजट में विभिन्न स्रोतों से निगम को 2,68,09,95,000 रुपये प्राप्त होने का अनुमान पेश किया गया है. निगम के इस बजट में 21 हजार रुपये का लाभ दिखाया गया है.
मेयर सोनी कुमारी ने बजट पेश करते हुए कहा कि शहर के विकास व हर वर्ग की जरूरत का इस बजट में खास ध्यान रखा गया है. इसके साथ ही बजट में निगम की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए कई योजनाओं को पूरा करने का प्रस्ताव लाया गया है.
बजट में बुनियादी जरूरतों पर जोर : बैठक में उन्होंने बताया कि 14वें वित्त आयोग के तहत मिलनेवाले रुपये से जलापूर्ति व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, जलापूर्ति व्यवस्था, लाइट व्यवस्था रैन-बसेरा व ओल्ड एज होम का निर्माण कराया जायेगा. बजट में मुख्यमंत्री हर घर नल का जल योजना के तहत लोगों के घरों तक मुफ्त वाटर सप्लाइ, शौचालय योजना के तहत 13665 लोगों को लाभ देने व 53 कम्युनिटी टॉयलेट लगाने का प्रस्ताव दिया गया है. इसके साथ ही कई जगहों पर बायो व इ-टॉयलेट, सम्राट अशोक भवन का निर्माण, इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम व जवाहर टाउन हॉल का जीर्णोद्धार, सबके लिए आवास योजना के तहत 2349 लाभुक को लाभ देने, अमृत योजना के तहत गया-पटना रोड में पार्क का निर्माण करना, हेरिटेज योजना के तहत ब्रह्मसत, वैतरणी, विष्णुपद क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करना व ढुंगेश्वरी से बोधगया तक बाइपास रोड के निर्माण की योजनाएं शामिल हैं.
सभी प्रस्ताव पूरे हो गये, शहर की बदल जायेगी सूरत : बजट में शहर के लोगों की बुनियादी जरूरतों को खास तवज्जो दी गयी है. पानी से लेकर नाली तक की योजनाओं का जिक्र है. विशेषज्ञों का कहना है कि बजट में प्रस्तावित योजनाओं को अगर अमली जामा पहना दिया जाय, तो शहर की तसवीर पूरी तरह बदल जायेगी. नगर आयुक्त विजय कुमार ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार बजट तैयार किया गया है. सरकार की कई नयी नयी योजनाओं के तहत शहर को सुविधाओं से लैस किया जायेगा. उन्होंने कहा कि निगम की क्षमता के अनुसार विकास योजनाओं को पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है, ताकि शहर में लोगों को बेहतर सुविधा मुहैया करायी जाय. इसके लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है.
