गया : बिहार के गया जिले के चंदौती थाना अंतर्गत केशरु धर्मपुर गांव के समीप आज एक ट्रक के सड़क किनारे खड़े एक ॲाटोरिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी.जिससे ॲाटोरिक्शा पर सवार दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये.
चंदौती थानाध्यक्ष चन्द्रभानु ने बताया कि टेकारी-डेल्हा मुख्य मार्ग पर हुए इस हादसे में मरने वालों में ॲाटोरिक्शा चालक उपेन्द्र प्रसाद (35) व टेकारी थाना अंतर्गत उल्ले (हरिहरपुर) गांव निवासी रमेश कुमार की भतीजी शोभा कुमारी (14) शामिल हैं. उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल रमेश कुमार के 12 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों को उनका पैर काटना पड़ा.
चंद्रभानु ने बताया कि रमेश कुमार अपनी पत्नी, पुत्री, पुत्र और भतीजी के साथ उक्त ॲाटोरिक्शा पर सवार होकर बोधगया स्थित अपने साला की शादी में भाग लेने ससुराल जा रहे थे. उन्होंने बताया कि एलपीजी सिलेंडर लदे ट्रक को जब्त करते हुए पुलिस ने उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
